
Sports-Cricket-IPL-दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने आईपीएल में लागू इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर अपनी नाखुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यह नियम ऑलराउंडरों की भूमिका को सीमित करता है और टीमों की रणनीति को बदल देता है।
आईपीएल 2026 से पहले बातचीत में अक्षर पटेल ने साफ कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से इस नियम के पक्ष में नहीं हैं। अक्षर पटेल ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, “मुझे यह नियम पसंद नहीं है, क्योंकि मैं एक ऑलराउंडर हूं। पहले टीम में ऑलराउंडर को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों के लिए चुना जाता था, लेकिन अब टीमें अलग-अलग बल्लेबाज या गेंदबाज को चुनने लगी हैं। ऐसे में ऑलराउंडर की जरूरत कम हो जाती है।”
हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि नियम का पालन करना जरूरी है। उन्होंने कहा, “नियम है तो हमें मानना पड़ेगा, लेकिन व्यक्तिगत तौर पर मुझे यह पसंद नहीं है।”
पिछले सीजन में अक्षर पटेल का गेंदबाजी प्रदर्शन कमजोर रहा था। उन्होंने सिर्फ 34 ओवर फेंके और 5 विकेट लिए, जो पिछले कई सालों में उनका सबसे खराब रिकॉर्ड रहा। इस पर अक्षर ने स्पष्ट किया कि इसका कारण इम्पैक्ट प्लेयर नियम नहीं, बल्कि उनकी उंगली की चोट थी। उन्होंने बताया कि आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दौरान उनकी स्पिनिंग फिंगर में कट लग गया था, जो गेंदबाजी के दौरान और गहरा हो गया। इसी वजह से वह गेंद पर सही पकड़ और स्पिन नहीं दे पा रहे थे।
अक्षर पटेल ने खुद को “क्राइसिस मैन” कहे जाने पर कहा कि वह टीम की जरूरत के हिसाब से किसी भी भूमिका में खेलने के लिए तैयार रहते हैं।उन्होंने कहा, “मैं नंबर 3 से लेकर नंबर 9 तक बल्लेबाजी कर चुका हूं। टीम को जो जरूरत होती है, मैं वही रोल निभाता हूं। अगर आप अपनी पसंद के पीछे भागेंगे तो निराशा होगी, इसलिए मैं टीम को प्राथमिकता देता हूं।”
कोच हेमांग बदानी की अलग राय
दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच हेमांग बदानी ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम को लेकर अलग राय रखी। उन्होंने कहा कि क्रिकेट अब तेजी से बदल रहा है और बड़े स्कोर आम हो गए हैं। उन्होंने कहा, “अब 180 रन काफी नहीं होते, 240-250 तक के स्कोर देखने को मिल रहे हैं। ऐसे में इम्पैक्ट प्लेयर से टीमों की आक्रामक सोच और मजबूत होती है।”
स्टार्क को लेकर अपडेट
कोच बदानी ने मिचेल स्टार्क को लेकर बताया कि टीम अभी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से एनओसी का इंतजार कर रही है। इसके बाद ही उनके जुड़ने की स्थिति साफ होगी।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम 1 अप्रैल को लखनऊ में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आईपीएल 2026 में अपना पहला मैच खेलेगी।



