
UP News : उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला जब ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास पर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक आयोजित हुई। योगी सरकार के नौ साल के कार्यकाल में यह पहली बार है जब यह अहम बैठक मुख्यमंत्री आवास या पार्टी मुख्यालय से बाहर आयोजित की गई।
बैठक के दौरान योगी आदित्यनाथ नोएडा दौरे पर थे और उनकी अनुपस्थिति में बैठक शुरू हुई। बैठक में केशव प्रसाद मौर्य, पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
इस बैठक में ‘मिशन 2027’ के तहत संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और रणनीति तय करने पर जोर दिया गया। भाजपा ने 30 मार्च तक जिला कार्यकारिणी, 15 अप्रैल तक नई प्रदेश टीम और 15 मई तक निगम, आयोग व बोर्ड में लंबित नियुक्तियां पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
सूत्रों के मुताबिक, पंचायत चुनाव की तैयारियों, ओबीसी आयोग के गठन और राजनीतिक नियुक्तियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस बैठक को भाजपा में बदलते शक्ति संतुलन और सामूहिक नेतृत्व की दिशा में एक अहम संकेत माना जा रहा है।



