UP News : ‘स्वस्थ नागरिकों से ही बनेगा सशक्त भारत’, राष्ट्रपति मुर्मू ने वृंदावन में रामकृष्ण मिशन अस्पताल के ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का किया उद्घाटन

UP News : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वृंदावन में रामकृष्ण मिशन अस्पताल के ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन किया। कहा - स्वस्थ नागरिकों से ही सशक्त भारत का निर्माण संभव।

UP News : द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण तभी संभव है, जब देश के नागरिक स्वस्थ हों। उन्होंने कैंसर को आज के समय की सबसे गंभीर स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक बताते हुए समय पर जांच और उच्च स्तरीय उपचार को जीवन बचाने में अहम बताया।

राष्ट्रपति ने शुक्रवार को वृंदावन स्थित रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल में नवनिर्मित ‘नंद किशोर सोमानी ऑन्कोलॉजी ब्लॉक’ का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आनंदीबेन पटेल समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए कैंसर का इलाज एक बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे में सेवा भावना से काम करने वाले संस्थान समाज के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने जागरूकता अभियान और समय पर जांच को कैंसर नियंत्रण का सबसे प्रभावी उपाय बताया।

उन्होंने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के जरिए लाखों लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं, जिसमें कैंसर उपचार भी शामिल है।

राष्ट्रपति ने कहा कि देशभर में नए एम्स और मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ रही है। साथ ही आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा रहा है। टेलीमेडिसिन जैसी सुविधाओं से अब मरीज घर बैठे विशेषज्ञों से परामर्श ले पा रहे हैं।

उन्होंने रामकृष्ण मिशन के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान आधुनिक चिकित्सा और मानवीय सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो मरीजों में आशा और आत्मविश्वास जगाता है।

राष्ट्रपति ने कहा कि यह ऑन्कोलॉजी ब्लॉक केवल एक इमारत नहीं, बल्कि बेहतर इलाज की तलाश में आने वाले मरीजों के लिए उम्मीद का नया केंद्र है।

Show More

Related Articles

Back to top button