
UP News : उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार 22 मार्च को 1,228 नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेगी।
राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 492 अभ्यर्थियों को स्वयं नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। वहीं, शेष 736 अभ्यर्थियों को 13 राजकीय मेडिकल कॉलेजों और 2 चिकित्सा संस्थानों में जनप्रतिनिधियों द्वारा लाइव कार्यक्रम के माध्यम से नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष के अनुसार, मुख्यमंत्री के निर्देश पर चिकित्सा शिक्षा विभाग में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज की गई है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा 1,228 नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग की सचिव डॉ. सारिका मोहन ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों में 1,097 महिलाएं और 131 पुरुष शामिल हैं। इनकी तैनाती आगरा, कानपुर, प्रयागराज, मेरठ, झांसी, गोरखपुर, अंबेडकरनगर, कन्नौज, आजमगढ़, जालौन, सहारनपुर, बांदा और बदायूं के मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ जेके कैंसर संस्थान और हृदय रोग संस्थान, कानपुर में की जाएगी।
सरकार ने इस वर्ष प्रदेश में डेढ़ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा है। इसी कड़ी में विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रिया जारी है। इससे पहले अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 94 मुख्य सेविकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए थे।



