Pratapgarh News: प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में कोर कमेटी की बैठक सम्पन्न

प्रतापगढ़ में विकास कार्यों की समीक्षा, गर्मी से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

Pratapgarh News:जनपद प्रतापगढ़ के प्रभारी मंत्री एवं परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन स्थित सीडीओ कार्यालय कक्ष में कोर कमेटी की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों, योजनाओं और विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में सदर विधायक राजेन्द्र कुमार मौर्य, विश्वनाथगंज विधायक जीत लाल पटेल, जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची के अद्यतन कार्य तथा फार्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रगति की जानकारी दी। इसके बाद प्रभारी मंत्री ने जिले में संचालित विकास योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं को उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने आगामी गर्मी को ध्यान में रखते हुए अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने और जहां आवश्यक हो वहां ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय कार्यों की जानकारी पहले से जनप्रतिनिधियों को देने और समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त बैठक आयोजित करने की बात कही।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने मेडिकल कॉलेज के सुचारु संचालन के लिए योग्य प्रधानाचार्य की नियुक्ति की मांग रखी। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि जहां आशा कार्यकर्ताओं के पद रिक्त हैं वहां जनप्रतिनिधियों को जानकारी देकर शीघ्र नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कराई जाए।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान कई सड़कों की खराब स्थिति तथा कुछ स्थानों पर डिवाइडर बनाए जाने की आवश्यकता पर चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों की शिकायतों और सुझावों को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने प्रभारी मंत्री से अनुरोध किया कि जनपद के विकास से जुड़े कुछ प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित हैं। यदि उन पर शीघ्र निर्णय हो जाए तो जिले में विकास कार्यों को और गति मिल सकेगी।

Read Also-सीएम योगी की हवाई यात्रा और सुरक्षित: यूपी सरकार के बेड़े में शामिल हुआ आधुनिक AW139 हेलीकॉप्टर

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता

Show More

Related Articles

Back to top button