
UP News : योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब समाज में हर व्यक्ति खुद को सुरक्षित और सम्मानित महसूस करे, वही रामराज्य की सच्ची अवधारणा है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में न तनाव है, न अराजकता और न ही गुंडागर्दी। प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ है और सभी नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा है।
मुख्यमंत्री गोरखपुर के पांडेयहाता में होलिकादहन उत्सव समिति द्वारा आयोजित भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने शोभायात्रा का शुभारंभ किया, भक्त प्रह्लाद की आरती उतारी और फूलों की होली खेली।
पीएम मोदी के नेतृत्व में नया भारत
सीएम योगी ने कहा कि आज दुनिया के कई हिस्सों में उपद्रव और अस्थिरता है, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि नया भारत हर वर्ग को अवसर देता है और उत्सव की भावना को मजबूत करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 से पहले त्योहारों के समय प्रदेश में कर्फ्यू जैसी स्थिति बन जाती थी, लेकिन अब यूपी उत्सव प्रदेश बन चुका है। उन्होंने कहा कि अब यूपी में न कर्फ्यू है, न दंगा, यूपी में अब सब चंगा है।
विरासत गलियारा बनेगा प्रदेश का सबसे खूबसूरत कॉरिडोर
सीएम योगी ने गोरखपुर के विरासत गलियारे का जिक्र करते हुए कहा कि यह प्रदेश का सबसे खूबसूरत गलियारा बनेगा। उन्होंने बताया कि गलियारे के निर्माण से प्रभावित व्यापारियों के लिए घण्टाघर स्थित बंधु सिंह पार्क में दुकानें आवंटित की जा रही हैं। शेष व्यापारियों के लिए डायट के पास कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा, जिसके लिए धनराशि भी आवंटित कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि किसी को उजाड़ा नहीं जाएगा, बल्कि बेहतर अवसर देकर आगे बढ़ाया जाएगा।
माफिया और गुंडागर्दी पर सख्त संदेश
होलिकादहन के प्रसंग में भक्त प्रह्लाद और हिरण्यकश्यप की कथा का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस प्रकार भगवान नृसिंह ने अधर्म का अंत किया, उसी तरह अराजकता और माफियागिरी पर भी सख्ती जरूरी है। उन्होंने कहा कि “लातों के भूत बातों से नहीं मानते”, इसलिए कानून का पालन कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
होली पर दी सौहार्द और संयम की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि कोई ऐसा कृत्य न करें जिससे टकराव की स्थिति बने। उन्होंने कहा कि किसी पर जबरन रंग न डालें और अश्लील गीतों से परहेज करें। होली समरसता और सामाजिक एकता का पर्व है, इसे सौहार्द के साथ मनाएं।
सांसद रविकिशन ने की सीएम की सराहना
कार्यक्रम में गोरखपुर सांसद रवि किशन ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में भ्रष्टाचार का दहन कर विकास की गंगा बहाई है। उन्होंने दावा किया कि हालिया विदेश दौरों से बड़े निवेश प्रस्ताव आए हैं, जिससे यूपी को ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने का मार्ग प्रशस्त होगा।



