Bhojpuri Singer Controversy: भोजपुरी गायिका अंतरा सिंह उर्फ प्रियंका समेत दो के खिलाफ NBW/कुर्की नोटिस जारी

करीब 22 माह पूर्व नवरात्रि देवी जागरण कार्यक्रम में कथित धोखाधड़ी, जातिसूचक शब्दों से अपमान और धमकी देने के मामले में विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट सोनभद्र आबिद शमीम की अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने भोजपुरी गायिका अंतरा सिंह प्रियंका और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के संचालक विकास कुमार के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट (NBW) व कुर्की की नोटिस जारी की है।

कोर्ट ने एसपी सोनभद्र को निर्देश दिया है कि नोटिस का निष्पादन कर 14 मार्च 2026 को न्यायालय को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए।

क्या है पूरा मामला?

अभियोजन पक्ष के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा गांव निवासी राजेंद्र पुत्र रामनरेश ने आरोप लगाया कि 18 अप्रैल 2024 को नवरात्रि देवी जागरण कार्यक्रम के लिए विकास कुमार के माध्यम से अंतरा सिंह प्रियंका को दो लाख रुपये में बुक किया गया था।

आरोप है कि 1.70 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे और शेष राशि कार्यक्रम के बाद देनी थी। कार्यक्रम के लिए होटल में चार कमरे भी बुक किए गए थे और भारी संख्या में दर्शक पहुंचे थे।

लेकिन कथित तौर पर अंतरा सिंह बिना प्रस्तुति दिए ही देर रात चली गईं, जिससे कार्यक्रम रद्द हो गया और आयोजक को लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ।

जातिसूचक गाली और धमकी का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब पैसे की वापसी की बात की गई तो विकास कुमार ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित किया और बेटे को उठवा लेने की धमकी दी।

मामले की शिकायत थाने में की गई, लेकिन कार्रवाई न होने पर 31 अगस्त 2024 को एसपी सोनभद्र को रजिस्टर्ड डाक से सूचना दी गई। इसके बाद भी कार्रवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली गई।

कोर्ट के आदेश पर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में धोखाधड़ी और एससी/एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज हुई। विवेचना के बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर चार्जशीट दाखिल की गई।

कोर्ट की सख्ती

सुनवाई के दौरान आरोपितों के न्यायालय में उपस्थित न होने पर अदालत ने गैर-जमानती वारंट और कुर्की नोटिस जारी कर दी। अब 14 मार्च 2026 को अगली तिथि निर्धारित की गई है, जिस पर एसपी सोनभद्र को नोटिस के निष्पादन की रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

इस कार्रवाई से जिले में चर्चा का माहौल है और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अनुबंध व भुगतान प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button