
Shivaji Jayanti 2026 : ताजनगरी आज एक बार फिर वीरता और स्वाभिमान के इतिहास की साक्षी बनने जा रही है। छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के अवसर पर 19 फरवरी को आगरा किला में लगातार चौथे वर्ष ‘शिव जयंती उत्सव’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम राष्ट्र नायकों को सम्मान देने की नीति के तहत आयोजित हो रहा है।
औरंगजेब को जवाब की ऐतिहासिक गाथा
आयोजक संस्था ‘अजिंक्य देवगिरी प्रतिष्ठान’ के अनुसार आगरा किला शिवाजी महाराज के स्वाभिमान और साहस का प्रतीक है। यहीं से उन्होंने मुगल शासक को चुनौती देते हुए बुद्धिमत्ता से कैद से निकलकर स्वराज्य को नई मजबूती दी थी। पिछले तीन वर्षों से उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सरकार के सहयोग से यह आयोजन होता आ रहा है।
लेजर शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
शाम छह बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में शिवाजी महाराज के जीवन पर आधारित भव्य लेजर शो, नाटिका और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र होंगी। आयोजन में देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे, सी आर पाटिल और एसपी सिंह बघेल सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी।
शिवाजी महाराज म्यूजियम दिसंबर 2026 तक
योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ताजमहल के पूर्वी गेट के पास बन रहे ‘छत्रपति शिवाजी महाराज म्यूजियम’ का निर्माण कार्य जारी है। लगभग 141 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह आधुनिक संग्रहालय दिसंबर 2026 तक तैयार होगा, जिसमें इंटरैक्टिव गैलरी के माध्यम से शिवाजी महाराज के जीवन और आगरा किले से उनके साहसिक प्रस्थान को दर्शाया जाएगा।



