
India vs Pakistan Match: भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में पाकिस्तान की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई। 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तानी टीम 114 रन पर ऑलआउट हो गई और 61 रनों से हार का सामना करना पड़ा। मैच की शुरुआत से ही दबाव साफ दिख रहा था, स्कोरबोर्ड पर महज 13 रन थे और तीन विकेट गिर चुके थे। ऐसे में उम्मीदें टिकी थीं टीम के स्टार बल्लेबाज Babar Azam पर।
लेकिन बाबर भी पारी को संभाल नहीं सके। Axar Patel के खिलाफ बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वह गेंद को पूरी तरह मिस कर बैठे और बोल्ड हो गए। उन्होंने सिर्फ 7 गेंदों में 5 रन बनाए। यह विकेट पाकिस्तान की वापसी की उम्मीदों पर बड़ा झटका साबित हुआ।
इस शॉट चयन को लेकर भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज Dinesh Karthik ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बाबर आजम की तुलना Virat Kohli से की जाती रही है, लेकिन यह तुलना उन्हें उचित नहीं लगती। कार्तिक के अनुसार, विराट जैसे खिलाड़ी पारी की शुरुआत में ऐसे गैर-जिम्मेदाराना शॉट नहीं खेलते। उन्होंने इसे आत्मविश्वास की कमी और दबाव झेलने में असफलता बताया।
कार्तिक ने यह भी कहा कि महान बल्लेबाज वही होता है जो मुश्किल परिस्थितियों में धैर्य रखे और दबाव को अपने ऊपर हावी न होने दे। उनके मुताबिक बाबर में इस समय वह दृढ़ विश्वास नजर नहीं आ रहा जो विश्व स्तरीय खिलाड़ी की पहचान होता है। उन्होंने मौजूदा फॉर्म के आधार पर Abhishek Sharma को बेहतर बल्लेबाज बताया।
यह बयान निश्चित रूप से क्रिकेट जगत में बहस को और तेज करेगा, खासकर बाबर और विराट की तुलना को लेकर।
Written By: Kalpana Pandey



