New Delhi News-अमेरिका के साथ ट्रेड डील से ‘मेक इन इंडिया’ को मजबूती मिलेगी: डॉ. जयशंकर

New Delhi News-भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित द्विपक्षीय व्यापार समझौते की घोषणा कर दी गई है। इसके तहत दोनों देशों के बीच व्यापारिक सहमति के अंतिम चरण को पूरा कर लिया गया है और अमेरिका की ओर से भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए अतिरिक्त टैरिफ को भी हटाया गया है। इस खबर की जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से स्वयं साझा की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने इस कदम का स्वागत करते हुए इसे दोनों देशों के आपसी लाभ और विकास को बढ़ावा देने वाला निर्णय बताया है।

विदेश मंत्री जयशंकर अमेरिका के तीन दिवसीय दौरे पर थे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से कई द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इसी क्रम में आज इस ट्रेड डील की घोषणा कर दी गई।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस घोषणा पर ‘एक्स’ पर साझा संदेश में कहा कि अब मेड इन इंडिया प्रोडक्ट्स पर अमेरिकी टैरिफ को 18 प्रतिशत तक कम कर दिया गया है, जो पहले 50 प्रतिशत तक था। उन्होंने कहा कि भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से वे राष्ट्रपति ट्रंप को इस सकारात्मक कदम के लिए धन्यवाद देते हैं। जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएँ और लोकतंत्र साथ काम करते हैं, तो इससे लोगों को अधिक फायदे और नए अवसर प्राप्त होते हैं।

डॉ. जयशंकर ने भी ‘एक्स’ पर लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बातचीत के बाद हुई घोषणाओं से दोनों देशों की अर्थव्यवस्थाओं में नौकरियों का सृजन, विकास और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। यह समझौता भारत के ‘मेक इन इंडिया’ प्रयासों को और अधिक मजबूती प्रदान करेगा और भरोसेमंद तकनीकी सहयोग को प्रोत्साहित करेगा।

टैरिफ संशोधन के तहत अब भारत पर 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत टैरिफ लागू होगा। इसके अतिरिक्त, भारत पर रूसी तेल खरीदने के लिए लगाया गया 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ भी हटा दिया गया है।

आधिकारिक घोषणा के अनुसार जयशंकर अपनी यात्रा के दौरान अमेरिकी समकक्ष मार्को रुबियो द्वारा आयोजित खनिज मंत्रिस्तरीय बैठक में भी भाग लेंगे। इस बैठक में भागीदार देश आपूर्ति शृंखला की लचीलेपन और रणनीतिक सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे। द्विपक्षीय बातचीत में यूक्रेन युद्ध, मध्य पूर्व की स्थिति, तथा आर्थिक एवं रणनीतिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार होने की उम्मीद है।

Read Also-Sonbhadra News-सड़क सुरक्षा में मिसाल बने हिंडालको रेनुसागर के विद्यार्थी, परिवहन विभाग ने किया सम्मानित

रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी

Show More

Related Articles

Back to top button