
सोनभद्र: State Highway 5A हाथीनाला–नारायनपुर मार्ग के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित लोढ़ी एसीपी टोल प्लाजा पर रविवार को महिला अधिवक्ता आरती पाण्डेय के साथ हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दो टोल कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, अज्ञात 7-8 अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। इस घटना के विरोध में स्थानीय अधिवक्ताओं ने कार्य बहिष्कार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरती पाण्डेय अपने परिवार सहित वाहन संख्या UP64 AU 9142 से रॉबर्ट्सगंज से चोपन जा रही थीं। टोल प्लाजा पर अगली गाड़ी का मैसेज न मिलने और टोल क्रॉस न हो पाने के कारण कुछ वाहन लेन संख्या 03 में खड़े हो गए। कुछ मिनटों की देरी पर आरती पाण्डेय और टोल कर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई।
Also Read:: बजट से आम जनता नाराज़, सेंसेक्स में गिरावट : संदीप त्रिपाठी
पुलिस ने धारा 191(2), 109(1), 115(2), 352, 351(3), 74 BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों में रामजी तिवारी (हमीरपुर) और सर्वेश यादव (अम्बेडकरनगर) शामिल हैं। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, उप निरीक्षक विनोद कुमार यादव और उप निरीक्षक उमाशंकर यादव की टीम ने कार्रवाई की। स्थानीय अधिवक्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि टोल कर्मियों द्वारा किसी भी नागरिक, विशेषकर अधिवक्ता के साथ हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस घटना से क्षेत्र में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
Written By: Kalpana Pandey



