Pratapgarh News: भाजपा सरकार गांव, गरीब और गांधी की विचारधारा को खत्म करने का कर रही प्रयास — डॉ. नीरज त्रिपाठी

जिला कांग्रेस कमेटी प्रतापगढ़ के अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी एवं जिला उपाध्यक्ष व पीसीसी सदस्य डॉ. प्रशांत देव शुक्ल ने बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र की भाजपा सरकार पर गांव, गरीब और गांधी की विचारधारा को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस मनरेगा और ग्रामीण गरीबों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी।

प्रेस वार्ता में डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की तीन प्रमुख मांगें हैं—
1️⃣ VB GRAM G कानून को तत्काल वापस लिया जाए।
2️⃣ MGNREGA को अधिकार आधारित कानून के रूप में पूरी तरह बहाल किया जाए।
3️⃣ काम के अधिकार एवं पंचायतों के संवैधानिक अधिकारों को पुनः स्थापित किया जाए।

उन्होंने बताया कि इन्हीं मांगों को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा 10 जनवरी से 25 फरवरी 2026 तक देशव्यापी “मनरेगा बचाओ संग्राम” चलाया जा रहा है, जो काम के अधिकार की रक्षा के लिए एक राष्ट्रीय अभियान है।

डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि मनरेगा कोई चैरिटी नहीं, बल्कि कानून द्वारा दी गई गारंटी है। इस योजना से करोड़ों गरीबों को गांव में रोजगार मिला, पलायन रुका, मजदूरी बढ़ी और महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत हुई। लेकिन केंद्र सरकार द्वारा लाया गया VB GRAM G इस अधिकार को समाप्त करने की साजिश है।

उन्होंने आरोप लगाया कि इस कानून से—

  • काम का अधिकार खत्म होकर केवल अनुमति तक सीमित हो जाएगा।

  • सीमित बजट के कारण संकट के समय काम बंद हो सकेगा।

  • पंचायतों और ग्राम सभाओं की भूमिका कमजोर होगी।

  • 60 दिन का कार्य ब्लैकआउट सबसे जरूरतमंद समय में काम न देने को वैध बना देगा।

  • मजदूरी असुरक्षित और घटाई जा सकने वाली हो जाएगी।

  • राज्यों पर 40 प्रतिशत फंड का बोझ डालकर संघीय ढांचे को कमजोर किया जाएगा।

  • बायोमेट्रिक व ऐप आधारित तकनीकी अड़चनों से मजदूर बाहर होंगे।

  • ठेकेदार आधारित परियोजनाएं गांवों पर थोपी जाएंगी।

इस अवसर पर मनरेगा कोऑर्डिनेटर रवि भूषण सिन्हा एवं जिला प्रवक्ता एडवोकेट मासूम हैदर ने बताया कि मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा, जिसमें पंचायत स्तर से लेकर AICC स्तर तक शांतिपूर्ण धरना, जनसंपर्क, उपवास, विधानसभा घेराव और आंचलिक रैलियां शामिल होंगी।

अंत में डॉ. नीरज त्रिपाठी ने कहा कि मनरेगा पर हमला करोड़ों मेहनतकश मजदूरों के संवैधानिक अधिकारों पर सीधा हमला है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी।

प्रेस वार्ता में कोषाध्यक्ष वेदान्त तिवारी, नगर अध्यक्ष मो. इस्तियाक, जिला उपाध्यक्ष रामशिरोमणि वर्मा, जिला सचिव विजय प्रताप त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता सुरेश मिश्र, जिला महासचिव चन्द्रनाथ शुक्ल, रामरतन तिवारी, सुधीर तिवारी, विश्वास सिंह सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जानकारी: वेदान्त तिवारी
कोषाध्यक्ष/कंट्रोल रूम इंचार्ज
जिला कांग्रेस कमेटी, प्रतापगढ़

रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय
जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button