
Pratapgarh News-नगर पालिका परिषद बेल्हा द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिंह के प्रतिनिधि विशाल विक्रम सिंह ने अध्यक्ष पद के एक वर्ष पूर्ण होने पर किए गए विकास कार्यों की उपलब्धियों की जानकारी प्रेस एवं आम जनता को दी।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विशाल विक्रम सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आशीर्वाद से नगर क्षेत्र में विकास कार्यों ने तीव्र गति पकड़ी है। उन्होंने बताया कि लगभग 12.98 करोड़ रुपये की लागत से नगर की 116 गलियों में बड़े नालों एवं नालियों का निर्माण कराया गया है, जिनकी कुल लंबाई लगभग 26 किलोमीटर है।
उन्होंने आगे जानकारी दी कि नगर के विभिन्न स्थानों पर 5500 मीटर स्ट्रिप लाइट लगाने का कार्य भी पूरा किया गया है, जिससे रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ हुई है।
पेयजल व्यवस्था को और अधिक मजबूत व गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका द्वारा लगभग 21.7 करोड़ रुपये की लागत से पाइपलाइन विस्तार, 3 एचपी के समरसेबल पंप तथा 10 एचपी एवं 30 एचपी के नलकूप लगाए जाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिंह ने कहा कि नगर की जनता उनका परिवार है, और उनकी सुख-सुविधा के लिए विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं के माध्यम से लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जो भविष्य में भी जारी रहेंगे।
भाजपा नेता एवं नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विशाल विक्रम सिंह ने यह भी बताया कि महाकुंभ के दौरान स्वच्छता एवं साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री कार्यालय से प्रशंसा पत्र प्राप्त हुआ है।
उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय श्री हरि प्रताप सिंह को याद करते हुए कहा कि वे नगर पालिका क्षेत्र की जनता को अपने परिवार की तरह मानते थे। उसी भावना के साथ वे भी उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाते हुए जनता के सुख-दुख में सदैव साथ खड़े रहेंगे।
Pratapgarh News-Read Also-Hockey-Boys-हॉकी बालक वर्ग अंडर 19 में स्वरीत और असदुल्लाह चयनित
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय
जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत – प्रतापगढ़


