Hockey Women HIL 2026: हीरो महिला हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) का दूसरा सीजन 28 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। इस बहुप्रतीक्षित लीग में रांची रॉयल्स की ओर से झारखंड की दो उभरती स्टार खिलाड़ी ब्यूटी डुंगडुंग और संगीता कुमारी अपने घरेलू दर्शकों के सामने शानदार प्रदर्शन करने को पूरी तरह तैयार हैं।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर साबित कर चुकी हैं खुद को
संगीता कुमारी और ब्यूटी डुंगडुंग ने वर्ष 2021 में भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। संगीता अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 30 गोल दाग चुकी हैं, जबकि ब्यूटी डुंगडुंग ने 6 गोल कर टीम के लिए अहम योगदान दिया है। अब दोनों खिलाड़ी अपनी घरेलू फ्रेंचाइज़ी रांची रॉयल्स के साथ हीरो एचआईएल में नए सफर की शुरुआत करने जा रही हैं।
घरेलू मैदान पर खेलना गर्व की बात: संगीता
2022 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहीं संगीता कुमारी ने अपने उत्साह को साझा करते हुए हॉकी इंडिया के हवाले से कहा, “अपने घरेलू मैदान पर खेलना गर्व की बात है। रांची में खेलना हमेशा खास होता है और अब जब मैं रांची रॉयल्स का प्रतिनिधित्व कर रही हूं, तो यह और भी खास है। यहां के दर्शक हॉकी को बेहद पसंद करते हैं, जिससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है। मेरे लिए यह इसलिए भी खास होगा क्योंकि मेरा परिवार भी मुझे खेलते देखने आएगा।”
युवा खिलाड़ियों के लिए सीख का मंच
युवा खिलाड़ियों को संदेश देते हुए संगीता ने कहा, “युवा खिलाड़ियों को अपने खेल का आनंद लेना चाहिए। उन्हें अपनी तकनीक और कौशल पर भरोसा रखना चाहिए और हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहिए।” उन्होंने विदेशी खिलाड़ियों के साथ खेलने के अनुभव पर कहा, “विदेशी खिलाड़ियों से हमें बहुत कुछ सीखने को मिलता है और वे भी हमसे सीखते हैं। यह अनुभव हमारे खेल को निखारता है।”
अर्जेंटीना की दिग्गज खिलाड़ियों से मिलेगा अनुभव
रांची रॉयल्स की टीम में अर्जेंटीना की अनुभवी खिलाड़ी अगुस्टीना अल्बर्टारियो और अगोस्टिना अलोंसो भी शामिल हैं, जिन्होंने 2022 टोक्यो ओलंपिक में रजत और 2024 पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीता है। संगीता ने कहा, “अगुस्टीना और अगोस्टिना जैसी अनुभवी खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना और उनके साथ खेलना मेरे लिए बेहद रोमांचक होगा।”
घरेलू दर्शकों का मिलेगा जबरदस्त समर्थन: ब्यूटी
मिडफील्डर ब्यूटी डुंगडुंग ने घरेलू फ्रेंचाइज़ी के लिए खेलने को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा, “जब भी रांची में मैच होता है, स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहता है। यहां हॉकी के बहुत बड़े प्रशंसक हैं। यह हमारा घरेलू मैदान है और हम जीत के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।”
एचआईएल से महिला हॉकी को मिलेगा नया आयाम
हीरो एचआईएल के महत्व पर बात करते हुए ब्यूटी ने कहा कि यह लीग युवा खिलाड़ियों को दुनिया के शीर्ष अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने का सुनहरा मौका देती है। उन्होंने कहा, “यह लीग जूनियर और राज्य स्तर की खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन मंच है। जब शीर्ष स्तर का खेल देखने और खेलने को मिलेगा, तो जमीनी स्तर पर भी इसका असर जरूर दिखेगा।”
Hockey Women HIL 2026: also read- Lionel Messi India Tour : मेसी टूर पर मनी लॉन्ड्रिंग का शक! 100 करोड़ के काले धन की जांच में जुटी ED
युवा खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
टीम में साक्षी राणा और कनिका सिवाच जैसी युवा खिलाड़ी भी शामिल हैं, जिन्होंने हाल ही में चिली में आयोजित जूनियर महिला विश्व कप में हिस्सा लिया था। हीरो महिला हॉकी इंडिया लीग का आगाज 28 दिसंबर से होगा, जिसमें मेजबान रांची रॉयल्स अपने पहले मुकाबले में एसजी पाइपर्स का सामना करेगी।



