Lucknow News-प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के बाद बोले पंकज चौधरी मिलजुल कर करेंगे काम

Lucknow News-केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद कहा कि पार्टी में सभी मिलजुल कर कार्य करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा में कोई पद छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि जो भी दायित्व मिलता है, उसे कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाता है।

प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पंकज चौधरी ने कहा, “नामांकन दाखिल हुआ है, अभी जांच चल रही है। कल जब औपचारिक घोषणा होगी, तभी मैं कुछ कह पाऊंगा। यदि प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलती है, तो पार्टी जो भी दायित्व सौंपेगी, उसे पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा।”

उन्होंने कहा कि भाजपा में ही यह संभव है कि एक सामान्य कार्यकर्ता पार्षद बने, फिर पार्षद से डिप्टी मेयर, सांसद, मंत्री और आज प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन तक का सफर तय करे। यह पार्टी की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति का प्रमाण है।

रविवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के अम्बेडकर सभागार में प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य का निर्वाचन किया जाएगा। वहीं पर प्रदेश अध्यक्ष की औपचारिक घोषणा होगी। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं केन्द्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े, केन्द्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल, उत्तर प्रदेश के संगठन चुनाव अधिकारी डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए केवल एक ही नामांकन दाखिल होने के कारण पंकज चौधरी का निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है। इसे लेकर पार्टी स्तर पर ऐतिहासिक स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। भाजपा महानगर इकाई द्वारा लखनऊ के प्रमुख चौराहों पर होर्डिंग और पार्टी झंडे लगाए जा रहे हैं। हजरतगंज से लेकर लोहिया विधि विश्वविद्यालय तक सड़क मार्ग के दोनों ओर भाजपा के झंडों से सजावट की जा रही है।

Lucknow News-Read Also-AI से चुनावी धांधली रोकेगी सपा, बीजेपी को हराने की रणनीति तैयार : अखिलेश यादव

Show More

Related Articles

Back to top button