
गोला गोकरननाथ (खीरी)। किसान दिवस के अवसर पर प्रभात किरण सामाजिक संस्थान 23 दिसंबर को परेली में एक विशेष गोष्ठी का आयोजन करने जा रहा है। संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष नवनीत कुमार वर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को उनके अधिकारों, आधुनिक कृषि तकनीकों और बदलते कृषि परिदृश्य के बारे में जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि गोष्ठी में कृषि विशेषज्ञ, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और क्षेत्र के प्रगतिशील किसान मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में मृदा स्वास्थ्य सुधार, जैविक खेती को बढ़ावा, कम लागत में अधिक उत्पादन, मौसम आधारित खेती, फसल सुरक्षा, सरकारी योजनाओं का लाभ तथा कृषि क्षेत्र में डिजिटल तकनीक के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
किसान देश की अर्थव्यवस्था की नींव
संस्थान का मानना है कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की नींव हैं और उन्हें सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है। संस्था हर वर्ष किसान दिवस पर उपयोगी व ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को नई जानकारी और तकनीक से जोड़ने का प्रयास करती है। इस बार भी बड़ी संख्या में किसानों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।



