
Lucknow News. दीपावली से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कर्मचारियों को उत्पादकता असंबद्ध बोनस देने की घोषणा की है। वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रत्येक पात्र कर्मचारी को अधिकतम 7,000 रुपये तक का लाभ मिलेगा। औसतन हर कर्मचारी को 6,908 रुपये की राशि प्राप्त होगी। इस निर्णय से करीब 14 लाख 82 हजार कर्मचारियों को सीधा लाभ होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह बोनस राज्य सरकार की ओर से कर्मचारियों की निष्ठा, परिश्रम और योगदान का सम्मान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रगति और सुशासन में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि जो कर्मचारी दिन-रात प्रदेश के विकास में जुटे हैं, उन्हें समय पर प्रोत्साहन और सहयोग मिले।
वित्त विभाग के आदेश के अनुसार, यह बोनस 30 दिनों की परिलब्धियों के आधार पर होगा, जिसकी अधिकतम सीमा 7,000 रुपये तय की गई है। इस पर कुल 1,022 करोड़ रुपये का व्यय भार आने का अनुमान है। मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि बोनस का भुगतान समयबद्ध रूप से किया जाए, ताकि दीपावली से पहले कर्मचारियों के खातों में राशि पहुंच सके।
किन्हें मिलेगा बोनस
राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक, बोनस का लाभ पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारियों को मिलेगा, जिनका वेतन मैट्रिक्स लेवल-8 (47,600 से 1,51,100 रुपये) तक है, जो पुराने ग्रेड पे 4,800 के समकक्ष है। इसके अलावा, राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, जिला पंचायतों तथा राजकीय विभागों में कार्यरत कार्यप्रभारित और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी भी इस योजना के पात्र होंगे।
डीएम और विभाग प्रमुखों को मिले निर्देश
वित्त विभाग ने सभी जिलाधिकारियों और विभागीय प्रमुखों को निर्देश जारी किए हैं कि बोनस वितरण की प्रक्रिया पारदर्शी और त्वरित हो। भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी न हो, इसके लिए विभाग ने विशेष निगरानी तंत्र भी बनाया है।
कर्मचारियों में खुशी की लहर
सरकार की इस घोषणा के बाद सरकारी दफ्तरों, शिक्षण संस्थानों और विभिन्न विभागों में कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। कई कर्मचारियों ने इसे योगी सरकार की “संवेदनशीलता और दूरदर्शिता” का प्रतीक बताया। उनका कहना है कि महंगाई भत्ते में हालिया बढ़ोतरी के बाद यह बोनस दीपावली से पहले “डबल गिफ्ट” की तरह है।
बाजार में बढ़ेगी रौनक
आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि बोनस वितरण से बाजारों में खरीदारी की रफ्तार तेज होगी और दीपावली के पहले उपभोग में इजाफा देखने को मिलेगा। इससे न केवल कर्मचारियों की जेब में राहत आएगी, बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दीपावली खुशियों और एकता का पर्व है। यह बोनस कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए आनंद और उत्साह लेकर आएगा। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि कोई भी कर्मचारी अपने परिश्रम का फल पाने से वंचित न रहे। प्रदेश की विकास यात्रा में हर कर्मचारी की भूमिका मूल्यवान है। उनके सहयोग से ही समृद्ध और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश का सपना साकार होगा।”