
Pratibha Singh target bjp: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने स्पष्ट किया है कि कांग्रेस पार्टी भारत के संविधान में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ को कभी स्वीकार नहीं करेगी और इसके खिलाफ पूरी मजबूती से खड़ी रहेगी। वह गुरुवार को बिलासपुर में आयोजित जिला स्तरीय “संविधान बचाओ अभियान” की शुरुआत के अवसर पर संबोधित कर रही थीं।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि भारत का लोकतंत्र बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान की मजबूत नींव पर टिका है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) निरंतर इस नींव को कमजोर करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है और संसद में राहुल गांधी जैसे नेताओं को अपनी बात रखने नहीं दी जा रही है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर राहुल गांधी को टार्गेट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे देश में बेरोजगारी और महंगाई जैसे ज्वलंत मुद्दों पर आवाज उठा रहे हैं, और इसी कारण उन्हें बदले की भावना से प्रताड़ित किया जा रहा है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें परेशान किया जा रहा है।
प्रतिभा सिंह ने बताया कि राहुल गांधी ने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू किया है, जिसे कांग्रेस पार्टी एक राष्ट्रीय मिशन के रूप में देख रही है। उन्होंने कहा कि यह अभियान गांव-गांव तक पहुँचाया जाएगा और संगठन के हर स्तर पर इसे सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होना होगा।
पार्टी संगठन के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही सरकारें बनती हैं, इसलिए नेताओं को चाहिए कि वे कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझें और उन्हें पूरा सम्मान दें। जल्द ही जिला, ब्लॉक और प्रदेश स्तर पर नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जिसमें समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ताओं को उचित स्थान मिलेगा।
जातिगत जनगणना के मुद्दे पर भी उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि राहुल गांधी की इस मांग का पहले भाजपा ने मजाक उड़ाया था, लेकिन अब केंद्र सरकार को इसे मानना पड़ा है। जाति आधारित जनगणना से सभी वर्गों को उनके अधिकार मिल सकेंगे और यही कारण है कि राहुल गांधी संविधान बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।
Pratibha Singh target bjp: also read- Pakistan Encounter: पाकिस्तान को उसी की पाली हुई आतंकवाद की फसल भुगतनी पड़ रही है, मुठभेड़ में तीन पुलिसकर्मी शहीद
संविधान बचाओ अभियान की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए प्रतिभा सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा —
-
1 से 10 मई: जिला स्तर पर
-
11 से 17 मई: विधानसभा (ब्लॉक) स्तर पर
-
20 से 30 मई: घर-घर जाकर संपर्क अभियान
उन्होंने सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इस अभियान को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।