
68500 Teacher Recruitment:68500 सहायक अध्यापक भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर करने और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का अनुपालन कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को अभ्यर्थियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के आवास पर प्रदर्शन किया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने नारेबाजी कर अपनी मांगें उठाईं। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
करीब 40 मिनट तक चले प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अभ्यर्थियों से मुलाकात की और उनका ज्ञापन स्वीकार किया। उन्होंने अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि उनका मामला संज्ञान में है और राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का पालन कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी अभ्यर्थी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और समस्या के समाधान के लिए जल्द कदम उठाए जाएंगे। मुलाकात के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों को मिठाई खिलाई और पानी भी पिलाया।
आयोग के आदेश का पालन नहीं होने का आरोप
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने कहा कि 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण नियमों के अनुपालन में कथित विसंगतियों को लेकर अभ्यर्थियों ने राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग का रुख किया था। उनके अनुसार, आयोग ने संबंधित विभाग को ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 150 में से 60 अंक यानी 40 प्रतिशत के आधार पर परिणाम संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने का निर्देश दिया था। साथ ही आरक्षण संबंधी विसंगतियों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई थी।
तूफान सिंह का आरोप है कि अब तक आयोग के आदेश के अनुरूप अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। इसी वजह से अभ्यर्थियों को अपने अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है।
‘दस्तक दो अभियान’ के तहत किया प्रदर्शन
अभ्यर्थियों के नेतृत्व में सहयोग कर रहे आशुतोष वर्मा ने कहा कि अभ्यर्थी लंबे समय से न्याय की मांग कर रहे हैं। सरकार और संबंधित अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने के कारण उन्हें बार-बार आंदोलन करना पड़ रहा है। इसी क्रम में ‘दस्तक दो अभियान’ के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर प्रदर्शन किया गया।
परिणाम संशोधन और नियुक्ति की मांग
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए भर्ती का परिणाम संशोधित किया जाए और नियमानुसार पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। उनका कहना है कि आरक्षण नियमों का सही तरीके से पालन करना सामाजिक न्याय के लिए जरूरी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से मिले आश्वासन के बाद अब अभ्यर्थियों की निगाहें सरकार और संबंधित विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल सकेगी।
प्रदर्शन में नवीन चौधरी, अखिल कुमार, नसीम, रंजना जायसवाल, शिववीर, उमेश गुप्ता, विनोद प्रजापति, प्रतिमा कुशवाहा, राकेश शाहनी, सुमन, किरन मौर्या, रीना कुशवाहा, राजेंद्र वर्मा, रामप्रवेश, मनीष पटवा, शिशुपाल सिंह, सुनील, आकृति, अवधेश शाक्य, ऋषिता पाल और सच्चिदानंद सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।



