मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय 29वीं उत्तर प्रदेश राज्य सीनियर एथलेटिक चैंपियनशिप -2026 का समापन शुक्रवार को हुआ। दो दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 59 जिलों से आए 522 महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने 40 स्पर्धाओं में अपना दमखम दिखाया।जिसमें उत्तर प्रदेश पुलिस ने सर्वाधिक स्वर्ण पदक जीते। उत्तर प्रदेश पुलिस ने 7 स्वर्ण, 3 रजत पदकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। प्रयागराज 5 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। वहीं मेरठ के खिलाड़ियों ने 2 स्वर्ण, 1 रजत और 2 कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया।
प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश एथलेटिक एसोसिएशन की ओर से किया गया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाएगा। राष्ट्रीय एथलेटिक चैंपियनशिप 22 से 25 मई 2026 तक रांची (झारखंड) में आयोजित होगी। उत्तर प्रदेश एथलेटिक एसोसिएशन के सचिव नरेंद्र कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन अब खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन एंट्री और डिजिटल सर्टिफिकेट जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर रही है, जिससे खिलाड़ियों को पारदर्शी और तेज सुविधाएं मिल रही हैं। समापन समारोह में उत्तर प्रदेश एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष आशुतोष भल्ला ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के एथलीट लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता का समापन मंडल खेलकूद अधिकारी प्रयागराज प्रेम कुमार ने किया। इस अवसर पर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष नीरज कुमार भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में प्रयागराज जिला सचिव रुस्तम खान, चयन समिति सदस्य डोरी लाल शर्मा, तकनीकी समिति अध्यक्ष अनु कुमार, सदस्य सिद्धार्थ कृष्णा, जफर उल्लाह, आलोक कुमार, अंतरराष्ट्रीय गोला फेंक खिलाड़ी प्रमोद तिवारी, जिला खेलकूद अधिकारी देवी सिंह तथा कोच सत्येंद्र समेत कई खेल अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

5000 मीटर दौड़ में गौरव विजय
पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में जीबी नगर के गौरव ने 13:55.58 मिनट का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। प्रतापगढ़ के संदीप पाल दूसरे और अमरोहा के प्रशांत चौधरी तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में यूपी पुलिस स्पोर्ट्स कॉन की नीतू कुमारी ने 17:00.17 मिनट के साथ गोल्ड जीता, जबकि चंदौली की वर्तिका पटेल और प्रतापगढ़ की खुशबू गुप्ता ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक हासिल किया। पुरुषों की लंबी कूद में अमरोहा के अर्पित सिंह ने 7.38 मीटर की छलांग लगाकर पहला स्थान हासिल किया। लखनऊ के युगांत सिंह मात्र एक सेंटीमीटर से पीछे रहकर दूसरे स्थान पर रहे। औरैया के दाऊद खान को कांस्य पदक मिला। महिला हैमर थ्रो में बागपत की अनुष्का यादव ने 62.91 मीटर का शानदार थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता। यूपी पुलिस स्पोर्ट्स कॉन की प्रीति शेरावत दूसरे और इलाहाबाद की रितु धीमान तीसरे स्थान पर रहीं।

1500 मीटर और 200 मीटर में कांटे की टक्कर
पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में देवरिया के शांतनु कुमार ने 4:00.87 मिनट के समय के साथ गोल्ड अपने नाम किया। हाथरस के सुखवीर दूसरे और मेरठ के संदीप भाटी तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में हापुड़ की अंजलि ने शानदार दौड़ लगाते हुए 4:29.93 मिनट में स्वर्ण पदक जीता। वाराणसी की कोमल पटेल दूसरे और शामली की नेहा पनवार तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में लखनऊ के मेधंजय सक्सेना ने 22.22 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया।
रामपुर के अरमान दूसरे और सहारनपुर के विजय कश्यप तीसरे स्थान पर रहे। महिला वर्ग में यूपी पुलिस स्पोर्ट्स कॉन की सुषमा यादव ने 25.52 सेकंड के साथ गोल्ड जीता। महिला लंबी कूद में संभल की हिमांशी चौधरी ने 6.03 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता। बुलंदशहर की अंजू दूसरे और लखीमपुर खीरी की प्रतिष्ठा यादव तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में गोरखपुर के दीपक कुमार ने 15.27 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। यूपी पुलिस स्पोर्ट्स कॉन के नरेश यादव दूसरे और वाराणसी के सत्यम मिश्रा तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता सचिव अनु कुमार ने समापन अवसर पर सभी खिलाड़ियों, कोच, तकनीकी अधिकारियों, ग्राउंड स्टाफ और स्टेडियम कर्मचारियों का आभार जताते हुए कहा कि खिलाड़ियों के उत्साह और अनुशासन ने प्रतियोगिता को सफल बनाया।
रिपोर्ट: आकाश त्रिपाठी



