
Uttar Pradesh Politics: उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज को।’ डिप्टी सीएम ने सपा के पुराने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कारसेवकों पर गोली चलवाने का मुद्दा उठाया और कहा कि जिस पार्टी की सरकार में निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलाई गईं, उसे अब सनातन संस्कृति और अयोध्या धाम के विकास की याद आ रही है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में अयोध्या और राम मंदिर आंदोलन को लेकर नेताओं के अलग-अलग बयान सामने आते रहे हैं। उस समय कारसेवकों पर गोली चलने से कई लोगों की जान गई थी। उन्होंने सवाल उठाया कि अब सपा को सनातन संस्कृति की स्वीकार्यता और अयोध्या के विकास की बातें कैसे याद आने लगी हैं। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रभु श्रीराम ने सपा नेताओं को सद्बुद्धि दी है। उन्होंने पार्टी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ समझती है।
सोनिया गांधी की किताब पर भी कांग्रेस को घेरा
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब को लेकर भी तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि किताब के माध्यम से कांग्रेस अपने शासनकाल की पुरानी घटनाओं और विवादित अध्यायों से जनता का ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को नई बातें करने से पहले अपने शासनकाल में हुई घटनाओं का जवाब देना चाहिए।
ब्रजेश पाठक ने आपातकाल और बोफोर्स घोटाले का उल्लेख करते हुए कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतंत्र का गला घोंटा गया था। आम नागरिकों को अनेक यातनाएं झेलनी पड़ी थीं। देश उन घटनाओं को कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने कहा कि केवल किताब लिख देने से इतिहास की सच्चाई नहीं बदलती और न ही आपातकाल के काले अध्याय को लोगों की यादों से मिटाया जा सकता है।
‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ से ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ तक
प्रदेश की पिछली सपा सरकार पर निशाना साधते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ जैसी स्थिति थी। वहीं, मौजूदा सरकार प्रदेश में ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
2027 में फिर भाजपा सरकार बनने का दावा
ब्रजेश पाठक ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रदेश की जनता सरकार के विकास कार्यों और नीतियों के आधार पर भाजपा का समर्थन करेगी।
संयुक्त जिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण
राजनीतिक बयानबाजी के बीच उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संयुक्त जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा भी लिया। उन्होंने अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष, आर्थोपेडिक वार्ड, मेडिकल वार्ड, दवा वितरण केंद्र और ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर इलाज, दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से अस्पताल में उपलब्ध व्यवस्थाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली।
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मानकों के विपरीत संचालित अस्पतालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। वहीं, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने वाले अस्पतालों को प्रोत्साहित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पतालों में मरीजों को समय पर उपचार, आवश्यक दवाएं और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। सरकार की प्राथमिकता आम लोगों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।



