
UP News:काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अजित कुमार चतुर्वेदी के निर्देशन में महामना पंडित मदनमोहन मालवीय की बगिया में एक माह तक लगातार पौधारोपण अभियान चलेगा। विश्व पर्यावरण दिवस और उसके अगले दिन शनिवार को परिसर में छायादार एवं फलदार के साथ-साथ सुंदर रंग-बिरंगे फूल पत्ते वाले कुल 1500 पौधे लगाए गए।
पर्यावरण कार्यकर्ता अनिल कुमार सिंह तथा बीएचयू हॉर्टिकल्चर इंचार्ज अश्वनी देशवाल की देखरेख में इस माह के अन्त तक 2000 पौधे और लगाये जायेंगे। अश्वनी देशवाल ने बताया बीएचयू के संपूर्ण परिसर को हरा भरा बनाने के लिए मौल श्री, गंधराज, सावनी, टिकोमा अमला लाइन में आम के पौधे, इमिलिया लाइन में इमली के पौधे, महुअवा लाइन में महुआ के पौधे लगाए गए। पौधारोपण के दौरान अनिल सिंह ने उपस्थित लोगों को स्वच्छ पर्यावरण व जल संरक्षण के लिए शपथ दिलाई। इस दौरान सृजन सामाजिक विकास न्यास के उपाध्यक्ष कपीन्द्र तिवारी, मनोज कुमार सिंह, श्री कान्त पांडेय, संत प्रकाशानन्द, रविदास आश्रम के संत भगवानदास सहित उद्यान विभाग की टीम उपस्थित रही।



