
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की रणनीति तथा सीटों के बंटवारे को लेकर 17 नवंबर को अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक से पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने सीटों के आंकड़ों पर कोई स्पष्ट जानकारी देने से इनकार किया है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली इस बैठक में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित शीर्ष नेतृत्व के शामिल होने की संभावना है। आराधना मिश्रा ने कहा कि 17 नवंबर को गठबंधन की पहली बैठक आयोजित होगी। इसमें चुनाव नजदीक होने के मद्देनजर गठबंधन की समीक्षा की जाएगी और आगे की रणनीति पर विचार-विमर्श होगा।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेता इस बात पर चर्चा करेंगे कि गठबंधन को किस तरह आगे बढ़ाया जाए और चुनाव की तैयारियों को किस दिशा में ले जाना है। प्रदेश के नेताओं से भी चुनाव और गठबंधन को लेकर सुझाव तथा इनपुट मांगे गए हैं।
सीटों के आंकड़े पर अभी कुछ कहना जल्दबाजी
सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर आराधना मिश्रा ने कहा कि वह फिलहाल किसी भी सीट संख्या की पुष्टि नहीं कर सकती हैं। उनके मुताबिक, इस विषय पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर चर्चा हुई होगी, लेकिन अभी कोई आंकड़ा सार्वजनिक करना उचित नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि 17 नवंबर की बैठक के बाद स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकती है। इसके बाद ही सीटों के बंटवारे और गठबंधन से जुड़े मुद्दों पर ठोस रूप से बातचीत की जा सकेगी। उन्होंने सीटों की संख्या को लेकर अभी बयान देना जल्दबाजी बताया।
अखिलेश यादव ने 181 सीटों का किया था दावा
सीटों के बंटवारे को लेकर यह चर्चा ऐसे समय में तेज हुई है, जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया था कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 181 विधानसभा सीटों की मांग कर रही है। उनके इस बयान के बाद दोनों दलों के बीच संभावित सीट शेयरिंग को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई थी।
हालांकि, आराधना मिश्रा ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों का अंतिम आंकड़ा शीर्ष नेतृत्व की बातचीत और गठबंधन की बैठक के बाद ही सामने आ सकेगा।
बैठक में राहुल और प्रियंका गांधी भी रहेंगी मौजूद
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी शामिल रहेंगी। बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता गठबंधन की मौजूदा स्थिति, चुनावी समीकरण और आगे की रणनीति पर विचार करेंगे।
फिलहाल सभी की निगाहें 17 नवंबर को होने वाली बैठक पर टिकी हैं। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन किस स्वरूप में आगे बढ़ेगा और सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच क्या सहमति बनती है।
written by Siddhi Srivastava



