
UP News : उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने सेशेल्स की नेशनल असेंबली की स्पीकर अजारेल अर्नेस्टा से मुलाकात कर भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं और उत्तर प्रदेश विधानसभा की विधायी कार्यप्रणाली की जानकारी साझा की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच संसदीय सहयोग, विधायी अनुभवों के आदान-प्रदान और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में सतीश महाना ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जहां लोकतांत्रिक संस्थाएं जनभागीदारी, संवाद और संवैधानिक मूल्यों के आधार पर लगातार मजबूत हो रही हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा में अपनाई जा रही विभिन्न उत्कृष्ट विधायी प्रक्रियाओं और बेस्ट प्रैक्टिसेज से भी सेशेल्स की स्पीकर को अवगत कराया।
यूथ पार्लियामेंट और युवा आदान-प्रदान पर जोर
मुलाकात के दौरान भारत और सेशेल्स के युवाओं के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों तथा संसदीय कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के लिए यूथ पार्लियामेंट आयोजित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इसके अलावा दोनों देशों के युवाओं के बीच आदान-प्रदान कार्यक्रम शुरू करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।
सतीश महाना ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को लोकतंत्र की कार्यप्रणाली से जोड़ने के साथ ही भारत और सेशेल्स के मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
भारत-सेशेल्स संबंधों को लेकर चर्चा
विधानसभा अध्यक्ष ने भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से चले आ रहे सौहार्दपूर्ण एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेशेल्स यात्रा और दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग को भी रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि भारत और सेशेल्स के संबंध आपसी विश्वास, सहयोग और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित हैं। दोनों देशों के बीच संसदीय स्तर पर संवाद बढ़ाने से इन संबंधों को और मजबूती मिलेगी।
उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा से कराया अवगत
सतीश महाना ने सेशेल्स की स्पीकर को पिछले करीब नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में हुई आर्थिक और विकासात्मक प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश ने बुनियादी ढांचे, निवेश, औद्योगिक विकास, रोजगार, कनेक्टिविटी और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाले प्रमुख राज्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रदेश में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
विधायी अनुभवों के आदान-प्रदान पर बनी सहमति
बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने विधायी अनुभव साझा करने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने और युवा पीढ़ी को संसदीय लोकतंत्र से जोड़ने के लिए भविष्य में सहयोग बढ़ाने की संभावनाओं पर सकारात्मक चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि अजारेल अर्नेस्टा 28 अक्टूबर 2025 से सेशेल्स की नेशनल असेंबली की स्पीकर हैं और वह इस पद को संभालने वाली पहली महिला स्पीकर हैं।



