
UP News : बलिया की सात वर्षीय दिव्यांग बेटी रागिनी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रागिनी और उसके परिवार से आत्मीयता से बातचीत कर स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवार की जरूरतों की जानकारी ली। सीएम योगी ने रागिनी के बेहतर इलाज, ऑपरेशन का खर्च उठाने, पढ़ाई जारी रखने और परिवार को आवास उपलब्ध कराने में हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
रागिनी के साथ उसके माता-पिता और बलिया की भाजपा विधायक केतकी सिंह भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने बच्ची के स्वास्थ्य की स्थिति को समझते हुए संबंधित जरूरतों पर तत्काल सहायता का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पहले ही मिल चुकी हैं दो ट्राइसिकल
बलिया के मनियर ब्लॉक की दिघेड़ा ग्रामसभा के रानीपुर गांव की रहने वाली रागिनी प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा है। स्कूल आने-जाने में परेशानी के चलते उसने ट्राइसिकल की मांग की थी।
रागिनी की समस्या सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर बलिया के जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे दो ट्राइसिकल उपलब्ध कराईं। इससे रागिनी के लिए विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी।
ऑपरेशन और इलाज का खर्च उठाने का भरोसा
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान रागिनी के इलाज और ऑपरेशन का मुद्दा भी सामने आया। रागिनी की मां बबिता ने बताया कि उनकी बेटी के पैर में समस्या है और इसी के इलाज के लिए वे मुख्यमंत्री से मिलने आई थीं।
उन्होंने कहा कि सीएम योगी ने रागिनी के इलाज का पूरा खर्च उठाने और ऑपरेशन की व्यवस्था कराने का भरोसा दिया है। साथ ही परिवार की आवास संबंधी जरूरतों और गांव की खराब सड़क को ठीक कराने को लेकर भी मदद का आश्वासन मिला है।
सड़क, आवास और पढ़ाई में भी सहायता का आश्वासन
रागिनी के पिता देवेंद्र ने बताया कि कई वर्ष पहले सड़क हादसे में उनकी बेटी का पैर फ्रैक्चर हो गया था। अब मुख्यमंत्री ने इलाज के साथ-साथ परिवार को आवास और बच्ची की पढ़ाई में भी सहायता देने का भरोसा दिया है।
परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही विधायक केतकी सिंह का भी आभार जताया। उनके प्रयासों से ही रागिनी और उसके परिवार की मुख्यमंत्री से मुलाकात संभव हो सकी।
विधायक केतकी सिंह ने बताया संवेदनशील पहल
भाजपा विधायक केतकी सिंह ने कहा कि रागिनी का वीडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं मामले का संज्ञान लिया और जिलाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने रागिनी के इलाज का पूरा खर्च सरकार द्वारा उठाने, ऑपरेशन कराने, परिवार को आवास उपलब्ध कराने और घर के पास की खराब सड़क को दुरुस्त कराने का भरोसा दिया है। रागिनी की पढ़ाई जारी रखने के लिए भी हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया है।
विधायक ने कहा कि यह मुख्यमंत्री की संवेदनशील कार्यशैली और जरूरतमंदों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई का उदाहरण है। रागिनी और उसके परिवार ने मुख्यमंत्री की पहल के लिए आभार व्यक्त किया।



