National Political News: राहुल गांधी के ‘गद्दार’ बयान पर सियासी संग्राम, BJP का पलटवार- “मोहब्बत की दुकान नहीं, नफरत के भाईजान”

रायबरेली की जनसभा में राहुल गांधी ने PM नरेंद्र मोदी और अमित शाह को बताया “गद्दार”, बीजेपी ने कहा- कांग्रेस की भाषा लोकतंत्र के लिए खतरनाक

National Political News:  लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक बार फिर अपने बयान को लेकर सियासी विवादों में घिर गए हैं। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में  आयोजित एक जनसभा के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “गद्दार” और “देशद्रोही” तक कह दिया। उनके इस बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और कांग्रेस पर “नफरत की राजनीति” करने का आरोप लगाया है।

राहुल गांधी ने क्या कहा?

रायबरेली की जनसभा में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा—

“जब RSS कार्यकर्ता आपके सामने आएं और नरेंद्र मोदी-अमित शाह की बात करें, तो उन्हें साफ कह दीजिए कि आपके प्रधानमंत्री और गृह मंत्री गद्दार हैं। उन्होंने देश और संविधान को बेचने का काम किया है।”

राहुल गांधी ने अपने भाषण में देश की आर्थिक स्थिति को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि देश “आर्थिक तूफान” की तरफ बढ़ रहा है और सरकार आम जनता को बचाने में असफल रहेगी।

उन्होंने कहा—

“नरेंद्र मोदी ने हिंदुस्तान के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है। आने वाले समय में बड़ा आर्थिक संकट खड़ा होने वाला है।”

बीजेपी ने किया तीखा पलटवार

राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा—

“ये मोहब्बत की दुकान नहीं, नफरत के भाईजान हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते रहे हैं। पूनावाला ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने पहले भी पीएम मोदी को लेकर कई विवादित टिप्पणियां की हैं और यह कांग्रेस की “राजनीतिक संस्कृति” को दिखाता है।

India’s Political Update: उमर खालिद पर कार्यक्रम को लेकर सियासत गरम, बीजेपी ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

“राहुल गांधी मानसिक संतुलन खो बैठे हैं” – बीजेपी

भाजपा नेता राकेश त्रिपाठी ने भी राहुल गांधी के बयान की आलोचना करते हुए उन्हें “आदतन अपराधी” बताया। उन्होंने कहा—

“राहुल गांधी कई बार अदालतों से फटकार खा चुके हैं। उनकी भाषा पर कोई नियंत्रण नहीं है और वे मानसिक संतुलन खो चुके हैं।”

सियासत फिर गरमाई

राहुल गांधी के बयान के बाद देश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी इसे कांग्रेस की “नफरत की राजनीति” बता रही है, जबकि कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी ने सरकार की नीतियों और संविधान को लेकर अपनी राजनीतिक राय रखी है।

विश्लेषकों का मानना है कि 2027 के चुनावों और लगातार बढ़ती राजनीतिक ध्रुवीकरण की स्थिति में इस तरह के बयान आने वाले दिनों में और बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर सकते हैं

Written By : Ekta Verma

Show More

Related Articles

Back to top button