
Pratapgarh News:प्रतापगढ़ में मृतक सौरभ विश्वकर्मा के परिजनों को समाजवादी पार्टी की ओर से 2 लाख 5 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। सोमवार, 17 अगस्त 2026 को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचा और सहायता राशि का चेक सौंपा।
जानकारी के मुताबिक, विश्वनाथगंज विधानसभा क्षेत्र के लीलापुर थाना अंतर्गत मानापुर सिंधौरा गांव निवासी सौरभ विश्वकर्मा की कथित तौर पर मारपीट में मौत हो गई थी। सौरभ पूर्ति विभाग में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
टोल प्लाजा पर रोका गया प्रतिनिधिमंडल
सपा प्रतिनिधिमंडल के प्रतापगढ़ पहुंचने से पहले मऊआइमा रामनगर टोल प्लाजा के पास एसडीएम और सीओ लालगंज के नेतृत्व में पुलिस बल ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल और प्रशासन के बीच काफी देर तक बातचीत हुई।
बताया गया कि करीब दो घंटे इंतजार के बाद पीड़ित परिवार को टोल प्लाजा पर ही प्रतिनिधिमंडल से मिलवाया गया। नेताओं ने परिवार से घटना की जानकारी ली और उन्हें भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी।
सपा ने सरकार के सामने रखीं कई मांगें
समाजवादी पार्टी ने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी, दो बीघा जमीन, शस्त्र लाइसेंस और परिवार की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके अलावा पार्टी ने मामले में फरार अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग भी उठाई।
प्रतिनिधिमंडल में कई नेता रहे शामिल
प्रतिनिधिमंडल में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा, कौशांबी सांसद पुष्पेंद्र सरोज, विधानसभा में सपा के उप मुख्य सचेतक एवं रानीगंज विधायक डॉ. आरके वर्मा, पट्टी विधायक राम सिंह पटेल, पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह मुन्ना यादव, पूर्व विधायक राजकुमार पाल, जिला महासचिव अब्दुल कादिर जिलानी, जिला उपाध्यक्ष मो. वासिक खान एडवोकेट और पूर्व प्रत्याशी सौरभ सिंह सहित कई नेता मौजूद रहे।
इस दौरान पार्टी के पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष मनीष पाल, सांसद प्रतिनिधि बीएल वर्मा, निजी सचिव जितेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी वकार अहमद, नगर अध्यक्ष निसार अहमद, अधिवक्ता सभा अध्यक्ष राजू यादव, यूथ ब्रिगेड अध्यक्ष साजिद अली, शिक्षक सभा अध्यक्ष जगदीश यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सपा नेताओं ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि दोषियों को सजा दिलाने और परिवार को न्याय मिलने तक पार्टी हरसंभव सहयोग करेगी।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत



