Sports News: राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2025 की घोषणा, 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार, पांच कोच को मिलेगा द्रोणाचार्य सम्मान

Pratapgarh News: SP delegation met Saurabh Vishwakarma's family and handed over a cheque for financial assistance of ₹2.05 lakh.

Sports News:युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार-2025 की घोषणा कर दी है। भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर सरकार ने विभिन्न श्रेणियों में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और संस्थाओं को पुरस्कार देने का निर्णय लिया है।

17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार

खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन को पहचान देने और खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा खेल संस्थाओं को सम्मानित करने के लिए हर वर्ष राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने पिछले चार वर्षों की अवधि में अच्छा प्रदर्शन किया हो तथा नेतृत्व, खेल भावना और अनुशासन के गुणों का प्रदर्शन किया हो।

अर्जुन पुरस्कार के लिए बैडमिंटन में ट्रीसा जॉली और पल्लेला गायत्री गोपीचंद, मुक्केबाजी में नरेंद्र, शतरंज में विदित संतोष गुजराती और दिव्या जितेंद्र देशमुख, बधिर निशानेबाजी में धनुष श्रीकांत, हॉकी में लालरेमसियामी और राजकुमार पाल, कबड्डी में सुरजीत और पूजा, पैरा निशानेबाजी में रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलेटिक्स में एकता भ्याण, रोइंग में अरविंद सिंह और निशानेबाजी में अखिल श्योराण का चयन किया गया है।

अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम)

खेल एवं खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) उन खिलाड़ियों को सम्मानित और प्रोत्साहित करने के लिए दिया जाता है, जिन्होंने अपने प्रदर्शन के माध्यम से खेलों में योगदान दिया है और सक्रिय खेल करियर से संन्यास लेने के बाद भी खेलों के प्रोत्साहन में योगदान जारी रखा है। इस श्रेणी में फुटबॉल के श्री आई. अरुमैनायगम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) के लिए चुना गया है।

पांच प्रशिक्षकों को द्रोणाचार्य पुरस्कार

खेल एवं खेलकूद में उत्कृष्ट प्रशिक्षकों के लिए द्रोणाचार्य पुरस्कार उन प्रशिक्षकों को दिया जाता है, जिन्होंने लगातार उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य किया है तथा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम बनाया है। नियमित श्रेणी में एथलेटिक्स के परवीर सिंह, मुक्केबाजी के शछोटे लाल यादव और निशानेबाजी की नेहा नंदकुमार चव्हाण को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए चुना गया है। लाइफटाइम श्रेणी में मुक्केबाजी के धर्मेंद्र सिंह यादव और कुश्ती के वीरेंद्र कुमार को द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार

राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार-2025 के लिए आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे का चयन किया गया है। ‘राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार’ सार्वजनिक या निजी क्षेत्र की कॉरपोरेट संस्थाओं तथा गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) को खेलों के प्रोत्साहन और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय भूमिका निभाने के लिए दिया जाता है।

ऑनलाइन आवेदन के बाद चयन

इन पुरस्कारों के लिए आवेदन ऑनलाइन आमंत्रित किए गए थे और खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा संस्थाओं को एक समर्पित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं आवेदन करने की अनुमति दी गई थी। इस वर्ष इन पुरस्कारों के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए। इन पर न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने विचार किया। समिति में प्रतिष्ठित खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता का अनुभव रखने वाले लोग और खेल प्रशासक शामिल थे।

Read Also-Pratapgarh News: सौरभ विश्वकर्मा के परिजनों को सपा की ओर से 2.05 लाख की आर्थिक मदद, अखिलेश यादव ने भेजा प्रतिनिधिमंडल

Show More

Related Articles

Back to top button