
Pratapgarh News-आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रतापगढ़ पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन ज्योति नारायण ने पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर के साथ थाना कुण्डा क्षेत्र स्थित जगद्गुरु कृपालु भक्ति धाम मंदिर परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन की स्थिति का जायजा लिया। जन्माष्टमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात डायवर्जन प्लान और पार्किंग व्यवस्था का भी स्थलीय निरीक्षण किया गया।
एडीजी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। मंदिर परिसर में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू करने, निर्धारित ड्यूटी प्वाइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, बैरियरिंग और भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की प्रभावी चेकिंग के निर्देश भी दिए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह मुस्तैद रहने और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
एडीजी ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ पुलिसकर्मी विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करें। भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल प्रभावी भीड़ प्रबंधन और यातायात नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। मंदिर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार पुलिस गश्त और निगरानी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बृजनन्दन राय, क्षेत्राधिकारी कुण्डा शिव नारायण वैस, प्रभारी निरीक्षक थाना कुण्डा अरविन्द सिंह सहित संबंधित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रतापगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि जन्माष्टमी पर्व के दौरान सुरक्षित श्रद्धालु, सुगम यातायात और शांतिपूर्ण आयोजन उसकी प्राथमिकता है। पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाईटेड भारत



