
Pratapgarh News:लालगंज विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस विधायक एवं कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने सोमवार को प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचकर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आत्मीय स्वागत किया। राहुल गांधी प्रयागराज में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं।
इस दौरान आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि देश का युवा आज निष्पक्ष शिक्षा व्यवस्था, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और सुरक्षित भविष्य की मांग कर रहा है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का सीधा असर युवाओं के भविष्य पर पड़ रहा है।
कांग्रेस विधायक के मुताबिक, युवाओं के मन में शिक्षा और रोजगार को लेकर कई सवाल हैं, जिन्हें गंभीरता से सुना जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और उनके मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही तय करने की जरूरत है।
बताया गया कि सोमवार शाम 5 बजे प्रयागराज के के.पी. ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे तथा शिक्षा, रोजगार और भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी बात सुनेंगे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कार्यक्रम के जरिए युवाओं से जुड़े सवालों को व्यापक स्तर पर उठाने का प्रयास किया जाएगा।
Read Also-Jharkhand News: छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा ने 11 को बुलाया झारखंड बंद
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय


