
Pratapgarh News:आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के सफल संचालन और विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में सीडीओ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के साथ नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ना है। अभियान के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा।
विभिन्न थीम पर होंगे कार्यक्रम
सीडीओ ने बताया कि अभियान के दौरान अलग-अलग थीम पर चरणबद्ध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सेवा दिवस-आशीर्वाद का दिया, मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा, नमो सेवा-अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी (डिजिटल एवं रील्स अभियान), सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत का संकल्प, वडनगर से वाराणसी यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार, सेवा के संग-राष्ट्र के संग और सुशासन सेवा संवाद शामिल हैं।
लाभार्थियों का तैयार होगा अद्यतन डेटा
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित लाभार्थियों का अद्यतन और प्रमाणिक डेटा बैंक तैयार करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थलों का चिन्हीकरण, रूट व्यवस्था, विभागीय समन्वय और अन्य आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और जनभागीदारी को मजबूत करना है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाएं।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए दयाराम यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एएन प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रियंका सोनी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकान्त दर्वे समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाईटेड भारत



