370 biryani controversy: विवाद के बाद पहली बार स्टेज पर लौटे Pranit More, इमोशनल होकर बोले- ‘फिर से मौका देने के लिए शुक्रिया’

370 बिरयानी विवाद के बाद जॉर्जिया में शो के दौरान दर्शकों का जताया आभार, मां की सलाह का भी किया जिक्र।

370 biryani controversy: 370 बिरयानी विवाद के बाद स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणीत मोरे एक बार फिर मंच पर लौट आए हैं। विवाद के बाद पहली बार लाइव शो में पहुंचे प्रणीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह दर्शकों से बातचीत करते हुए भावुक नजर आते हैं। उन्होंने अपने मुश्किल दौर, दर्शकों के समर्थन और मां की सीख का जिक्र करते हुए दिल की बात साझा की।

वायरल वीडियो जॉर्जिया में आयोजित उनके हालिया स्टैंडअप शो का बताया जा रहा है। मंच पर आते ही प्रणीत ने कहा कि उन्हें इस बात की चिंता थी कि विवाद के बाद लोग उन्हें स्वीकार करेंगे या नहीं। उन्होंने कहा कि जब वे स्टेज पर आए तो उनके मन में कई सवाल थे, लेकिन दर्शकों के प्यार और समर्थन ने उनका आत्मविश्वास लौटा दिया।

प्रणीत मोरे ने कहा, “जो कुछ भी हुआ, उसके बाद भी आप सभी ने मेरा साथ दिया। मुझे दोबारा मौका देने के लिए आपका दिल से धन्यवाद।” उन्होंने बताया कि उन्होंने स्टैंडअप कॉमेडी की शुरुआत पैसे या लोकप्रियता के लिए नहीं की थी, बल्कि इसलिए की थी क्योंकि इससे उन्हें खुशी मिलती है और वे लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना चाहते हैं।

बात करते-करते प्रणीत भावुक भी हो गए। उन्होंने कहा कि अपने करियर में उन्होंने कई शो किए हैं, लेकिन यह शो हमेशा उनके लिए खास रहेगा क्योंकि मुश्किल समय के बाद उन्हें दर्शकों ने खुले दिल से स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि यह पल उन्हें हमेशा याद रहेगा।

Entertainment News: 370 रुपये की बिरयानी विवाद पर कथावाचक अनिरुद्धाचार्य की तीखी प्रतिक्रिया, बोले- कॉमेडी के नाम पर फूहड़ता स्वीकार नहीं

कॉमेडियन ने अपने कठिन दौर में मां से मिली सीख का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनकी मां ने उन्हें समझाया था कि यदि गलती हुई है तो उसे स्वीकार करो, माफी मांगो और अपने व्यवहार से यह साबित करो कि आपने अपनी गलती से सीखा है। प्रणीत ने कहा कि उनकी मां की यही सलाह उन्हें इस मुश्किल दौर से बाहर निकलने में सबसे ज्यादा मददगार साबित हुई।

गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले प्रणीत मोरे के एक शो की क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसमें दर्शकों में बैठे एक व्यक्ति द्वारा महिलाओं को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर प्रणीत की काफी आलोचना हुई थी। उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्हें लंबे समय तक ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा।

अब लाइव शो में उनकी वापसी और दर्शकों के सामने भावुक अंदाज में दिया गया संदेश सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कई लोग इसे उनकी नई शुरुआत मान रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स अब भी विवाद को लेकर अपनी राय रख रहे हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button