
शहर में एक ओर जहां मई की उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है, वहीं दूसरी ओर लगातार हो रही अनिश्चित बिजली कटौती ने आम जनता की परेशानी को कई गुना बढ़ा दिया है। हालात ऐसे हैं कि दिन में तेज धूप और उमस से लोग बेहाल हैं तो रात में बिजली कटने से लोगों की नींद उड़ गई है। शहर के कई प्रमुख और पॉश इलाकों में घंटों बिजली गायब रहने से लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
करेली, कीडगंज, बेनीगंज, दारागंज और कल्याणी देवी जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में पिछले कई दिनों से लगातार बिजली की अघोषित कटौती हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना के कभी भी बिजली काट दी जाती है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को उठानी पड़ रही है।
स्थानीय निवासी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि दिन में तेज गर्मी के कारण घरों में रहना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में लोग रात में आराम की उम्मीद करते हैं, लेकिन रात होते ही बिजली कट जाती है। घंटों बिजली नहीं आने से पंखे और कूलर बंद हो जाते हैं और उमस के कारण पूरी रात जागकर बितानी पड़ती है।
वहीं कीडगंज निवासी सीमा गुप्ता ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही अब लोगों के लिए बड़ी समस्या बन चुकी है। उन्होंने बताया कि रात में बिजली गुल होने के बाद जब लोग शिकायत दर्ज कराने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारियों को फोन करते हैं तो या तो फोन नहीं उठाया जाता या फिर ठीक तरीके से जवाब नहीं दिया जाता। कई बार कर्मचारियों का व्यवहार भी लोगों के प्रति असंवेदनशील रहता है।
बेनीगंज के रहने वाले एक व्यापारी ने बताया कि लगातार बिजली कटौती का असर कारोबार पर भी पड़ रहा है। दुकानों और छोटे प्रतिष्ठानों में बिजली न होने से काम प्रभावित हो रहा है। इन्वर्टर भी लंबे कटौती के कारण जवाब देने लगे हैं। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग केवल बिल वसूली में सक्रिय रहता है, लेकिन सुविधाएं देने के नाम पर स्थिति बेहद खराब है।
दारागंज और कल्याणी देवी क्षेत्र में रहने वाले लोगों ने बताया कि कई बार रात में दो से तीन घंटे तक बिजली गुल रहती है। उमस भरी गर्मी में लोग घरों की छतों और गलियों में टहलने को मजबूर हो जाते हैं। बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और सुबह नौकरी या काम पर जाने वाले लोग पूरी रात सो नहीं पा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि बिजली विभाग को मेंटेनेंस कार्य करना होता है तो पहले से सूचना दी जानी चाहिए, ताकि लोग अपनी व्यवस्था कर सकें। लेकिन बिना सूचना बिजली काटे जाने से लोगों में भारी आक्रोश है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर कर्मचारियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है।
शहरवासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। साथ ही कर्मचारियों को जनता से उचित व्यवहार करने के निर्देश दिए जाएं। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में यदि बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
गौरतलब है कि मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है। ऐसे में बिजली कटौती ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जनता का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
रिपोर्ट : आकाश त्रिपाठी



