
2027 World Cup Qualifier Schedule: क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के क्वालीफायर टूर्नामेंट की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। आईसीसी के मुताबिक, 22 फरवरी से 23 मार्च 2027 तक क्वालीफायर मुकाबले खेले जाएंगे। हालांकि, टूर्नामेंट के आयोजन स्थल (Venue) का ऐलान अभी नहीं किया गया है।
इस बार वनडे वर्ल्ड कप नए क्वालिफिकेशन सिस्टम और बदले हुए फॉर्मेट के साथ खेला जाएगा। कुल 10 टीमें क्वालीफायर में हिस्सा लेंगी, जहां से शीर्ष टीम सीधे विश्व कप के 14 टीमों वाले मुख्य टूर्नामेंट में जगह बनाएगी।
14 टीमों के साथ होगा नया वर्ल्ड कप
ICC ने 2027 विश्व कप का फॉर्मेट भी बदल दिया है। इस बार 14 टीमें विश्व कप में हिस्सा लेंगी। क्वालीफायर जीतने वाली टीम सीधे मुख्य टूर्नामेंट में पहुंचेगी, जबकि दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमें ‘सुपर सीरीज़’ चरण में खेलेंगी। यहां 12 टीमों के बीच मुकाबला होगा और शीर्ष टीम को मुख्य चरण में अंतिम स्थान मिलेगा।
तीन देशों में होगा विश्व कप
2027 वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे। टूर्नामेंट के मुकाबले 12 स्टेडियमों में खेले जाएंगे। इनमें सबसे ज्यादा 8 वेन्यू दक्षिण अफ्रीका, 3 जिम्बाब्वे और 1 नामीबिया में होगा। विश्व कप का आयोजन 4 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 के बीच प्रस्तावित है।
Sports Cricket 2027 : वनडे विश्व कप 2027 क्वालीफायर 22 फरवरी से, मेजबान का फैसला बाकी
वेस्टइंडीज की राह मुश्किल
दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज के लिए सीधे क्वालीफाई करना आसान नहीं दिख रहा है। टीम फिलहाल ICC ODI रैंकिंग में 10वें स्थान पर है। 30 सितंबर की कट-ऑफ तारीख से पहले उसके पास केवल भारत के खिलाफ दो वनडे मैच बचे हैं।
वेस्टइंडीज की किस्मत अब अफगानिस्तान और आयरलैंड के बीच होने वाली वनडे सीरीज पर भी निर्भर करेगी। अगर आयरलैंड बड़ी जीत दर्ज करता है और वेस्टइंडीज भारत के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करता है, तो उसे टॉप-8 में जगह मिल सकती है। लेकिन अगर अफगानिस्तान सीरीज जीत जाता है, तो कैरेबियाई टीम को क्वालीफायर खेलना लगभग तय माना जा रहा है।
गौरतलब है कि 2023 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भी वेस्टइंडीज क्वालीफाई नहीं कर पाया था। हरारे में नीदरलैंड्स के खिलाफ सुपर ओवर में मिली हार ने उसकी विश्व कप की उम्मीदें खत्म कर दी थीं।



