
NEET-UG री-एग्जाम : NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा रविवार (21 जून) को देशभर में कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच आयोजित की जाएगी। पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द हुई परीक्षा के लगभग डेढ़ महीने बाद 22.79 लाख से अधिक अभ्यर्थी दोबारा परीक्षा देंगे। इस बार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।
NTA के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर 1,38,560 CCTV कैमरे, 51,311 जैमर, AI आधारित निगरानी प्रणाली और अतिरिक्त परीक्षा अधिकारियों की तैनाती की गई है। एजेंसी का कहना है कि इस बार निष्पक्ष, सुरक्षित और उम्मीदवार-अनुकूल परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर निगरानी बढ़ाई गई है।
हर परीक्षा कक्ष में CCTV और AI से होगी निगरानी
देशभर के करीब 95 हजार परीक्षा कक्षों में प्रत्येक कमरे में एक CCTV कैमरा लगाया गया है। हर कक्ष में दो इनविजिलेटर तैनात रहेंगे, जबकि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 10 से अधिक अतिरिक्त परीक्षा अधिकारी मौजूद रहेंगे।
करीब 6,700 ऑब्जर्वर और 100 से अधिक वर्चुअल ऑब्जर्वर लाइव CCTV फुटेज की निगरानी करेंगे। संदिग्ध गतिविधियों की पहचान के लिए AI टूल्स भी फुटेज का विश्लेषण करेंगे।
बायोमेट्रिक और फेस ऑथेंटिकेशन से होगी एंट्री
उम्मीदवारों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए 48,448 बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन कर्मियों की तैनाती की गई है। इस बार बायोमेट्रिक स्टाफ की संख्या दोगुनी की गई है और फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक का भी इस्तेमाल होगा।
इसके अलावा 38,795 फ्रिस्किंग स्टाफ अभ्यर्थियों की सघन जांच करेंगे ताकि किसी भी तरह की अनियमितता रोकी जा सके।
OMR शीट की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था
OMR शीट के सुरक्षित संग्रह और परिवहन के लिए देशभर की करीब 1,500 कस्टोडियन बैंक शाखाओं में बैंक अधिकारियों की तैनाती की गई है। वहीं, डाक विभाग लगभग 700 परीक्षा केंद्रों से OMR शीट एकत्र कर सुरक्षित पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाएगा।
पुलिस, अर्धसैनिक बल और एयरफोर्स भी अलर्ट
परीक्षा की सुरक्षा के लिए राज्य और जिला प्रशासन, पुलिस, अर्धसैनिक बल, भारतीय वायु सेना तथा डाक विभाग को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर लगभग 40 से 50 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
20 जून को देशभर में मॉक ड्रिल आयोजित कर CCTV, जैमर, बायोमेट्रिक सिस्टम, फ्रिस्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का परीक्षण भी किया गया।
अभ्यर्थियों के लिए विशेष सुविधाएं
भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर पीने के पानी, ORS, एम्बुलेंस और छायादार प्रतीक्षालय की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी, रफ कार्य के लिए अतिरिक्त पेज तथा विशेष आवश्यकता वाले और बाएं हाथ से लिखने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अफवाहों से बचने की अपील
NTA ने स्पष्ट किया है कि दोबारा परीक्षा से पहले किसी भी प्रकार के पेपर लीक की पुष्टि नहीं हुई है। एजेंसी सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रख रही है और फर्जी दावों तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अभ्यर्थियों और अभिभावकों से केवल आधिकारिक सूचना पर भरोसा करने की अपील की गई है।



