NEET UG Counselling 2026: 5 अगस्त से शुरू होगी ऑनलाइन काउंसलिंग, जानें आवेदन का पूरा तरीका

MCC ने अभ्यर्थियों के लिए जारी किए जरूरी दिशा-निर्देश, रजिस्ट्रेशन से लेकर चॉइस लॉकिंग तक हर चरण पर रखें विशेष ध्यान

NEET UG Counselling 2026:NEET UG 2026 में सफल उम्मीदवारों के लिए मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) बुधवार, 5 अगस्त से ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। इसके माध्यम से अभ्यर्थी देशभर के विभिन्न मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में ऑल इंडिया कोटा सहित अन्य श्रेणियों की सीटों के लिए आवेदन कर सकेंगे।

काउंसलिंग में शामिल होने से पहले उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही आवेदन करें और किसी भी अनधिकृत वेबसाइट या एजेंट के झांसे में न आएं। आवेदन के दौरान वही मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी का उपयोग करें, जो NEET UG परीक्षा के आवेदन में दर्ज की गई थी।

ऑनलाइन आवेदन ऐसे करें

सबसे पहले एमसीसी पोर्टल पर जाकर UG मेडिकल काउंसलिंग के लिए नया पंजीकरण करें। इसके बाद आवश्यक दिशा-निर्देश पढ़कर अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी सावधानीपूर्वक भरें। आवेदन पूरा करने के लिए ओटीपी सत्यापन और ऑनलाइन शुल्क भुगतान भी करना होगा।

मजबूत पासवर्ड रखना होगा जरूरी

रजिस्ट्रेशन के दौरान उम्मीदवारों को ऐसा हाई सिक्योरिटी पासवर्ड बनाना होगा जिसमें बड़े और छोटे अक्षरों के साथ अंक तथा विशेष चिन्ह शामिल हों। भविष्य में लॉगिन और चॉइस लॉकिंग के दौरान इसी पासवर्ड का उपयोग किया जाएगा।

कॉलेजों का चयन सोच-समझकर करें

फीस जमा होने के बाद उम्मीदवार अपनी पसंद के मेडिकल कॉलेजों और पाठ्यक्रमों का चयन कर सकेंगे। चॉइस फिलिंग के दौरान विकल्पों का क्रम बदला जा सकता है, लेकिन चॉइस लॉक होने के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा। इसलिए अंतिम लॉकिंग से पहले सभी विकल्पों की अच्छी तरह जांच कर लें।

इन दस्तावेजों को रखें सुरक्षित

काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी होने के बाद रजिस्ट्रेशन स्लिप, फीस भुगतान की रसीद और चॉइस लॉकिंग की कॉपी डाउनलोड कर सुरक्षित रखें। ये दस्तावेज आगे की सीट आवंटन और रिपोर्टिंग प्रक्रिया में आवश्यक होंगे।

एमसीसी ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूरी काउंसलिंग प्रक्रिया को समझाने वाला वीडियो गाइड भी उपलब्ध कराया है, जिससे पहली बार काउंसलिंग में शामिल होने वाले उम्मीदवार बिना किसी परेशानी के आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकें।

Read Also-WhatsApp Age Verification:भारत में WhatsApp पर उम्र सत्यापन की टेस्टिंग शुरू, फिलहाल यूजर्स के लिए अनिवार्य नहीं

Show More

Related Articles

Back to top button