Lucknow News:स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और महिलाओं ने हिस्सा लिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। ‘भारत माता की जय’ के नारों और देशभक्ति गीतों के बीच लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 70 से अधिक जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित की गईं। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
इस मौके पर डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए राष्ट्र सेवा के साथ समाज के जरूरतमंद वर्गों को सशक्त बनाने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के जरिए राष्ट्रप्रेम के साथ महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दिया गया।



