
Lucknow News:थाना सैरपुर क्षेत्र में दर्ज एफआईआर संख्या 0070/2026 के बावजूद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज पीड़ित परिवार ने पुलिस आयुक्त, लखनऊ को प्रार्थना पत्र देकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित सुनीत यादव ने बताया कि 25 जून 2026 को उनके पिता रामस्वरूप यादव पर लोहे की रॉड, डंडों एवं अन्य हथियारों से जानलेवा हमला किया गया। हमले में उनके पिता के सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उनकी हालत गंभीर होने पर पहले सीएचसी और फिर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। वर्तमान में उनका इलाज आईकॉन अस्पताल में चल रहा है, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर बताई है। हमले में उनकी माता भी घायल हुई हैं।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी अब तक किसी भी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। उनका कहना है कि आरोपी गवाहों को प्रभावित करने और समझौते का दबाव बनाने की कोशिश कर सकते हैं।
पुलिस आयुक्त को दिए गए प्रार्थना पत्र में पीड़ित परिवार ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, मामले की निष्पक्ष जांच, मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर गंभीर धाराएं बढ़ाने, लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जांच तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाने और उन्हें शीघ्र न्याय दिलाने की अपील की है।
Read Also-बॉम्बे हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी: सरकार के फैसलों का विरोध नागरिकों का अधिकार, निष्कासन आदेश रद्द



