दिल्ली के उपराज्यपाल ने किया यमुना कायाकल्प परियोजना का निरीक्षण, ट्वीट कर जाहिर की खुशी

नई दिल्ली। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रविवार को उच्च स्तरीय समिति (एचएलसी) की निगरानी में सिग्नेचर ब्रिज से आईटीओ बैराज तक यमुना कायाकल्प परियोजना का निरीक्षण किया। उपराज्यपाल ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर ट्वीट किया कि एचएलसी की निगरानी वाले यमुना सफाई अभियान के पहले चरण के पूरा होने पर यमुना के सिग्नेचर ब्रिज से आईटीओ बैराज खंड तक 11 किलोमीटर का निरीक्षण किया।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘साझा करते हुए खुशी हो रही है, 12 फरवरी को काम शुरू होने के बाद से यमुना से 1200 टन कचरा हटाने के साथ यमुना में प्रमुख मापदंडों पर महत्वपूर्ण सुधार हुआ है।’ उन्होंने कहा कि दूसरा चरण आज से शुरू होगा जिसमें यमुना के किनारों की सफाई और बीच की गंदगी को साफ करने के माध्यम से बदलाव पर ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने ट्वीट किया, नजफगढ़ नाले की सफाई से भी बीओडी का स्तर साल दर साल काफी नीचे आने के मामले में वांछित परिणाम मिले हैं। सक्सेना ने ट्वीट किया ‘बड़े पैमाने पर समाज की भागीदारी ने निश्चित रूप से एक उत्साहजनक अंतर बनाया है। इसका प्रमाण यह है कि वजीराबाद और आईटीओ के बीच 11 किलोमीटर तक 30 मोटर बोट एक साथ नदी में चल सकती हैं”।

Show More

Related Articles

Back to top button