Kerala New CM: केरल में मुख्यमंत्री चेहरे पर सस्पेंस खत्म होगा आज, कांग्रेस विधायक दल की अहम बैठक

Kerala New CM: केरल में नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर जारी सियासी हलचल के बीच कांग्रेस विधायक दल (CLP) की अहम बैठक आज तिरुवनंतपुरम में होने जा रही है। सुबह 11 बजे आयोजित इस बैठक में राज्य के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर औपचारिक फैसला लिया जाएगा। हालिया विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व वाले गठबंधन की जीत के बाद से ही पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर लगातार चर्चाएं और लॉबिंग तेज थीं।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस विधायकों द्वारा पहले ही एक प्रस्ताव पारित किया जा चुका है, जिसमें पार्टी अध्यक्ष को विधायक दल का नेता चुनने का अधिकार दिया गया है। ऐसे में कांग्रेस हाईकमान जिस नाम पर मुहर लगाएगा, उसी को बैठक में प्रस्तावित कर औपचारिक मंजूरी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कई बड़े नेताओं के नाम सामने आए हैं। इनमें वीडी सतीशन, रमेश चेन्निथला और केसी वेणुगोपाल प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। इसी कारण राज्यभर में इन नेताओं के समर्थकों की सक्रियता भी बढ़ गई है।

कोच्चि में वीडी सतीशन और केसी वेणुगोपाल के आवास के बाहर समर्थकों की भीड़ देखी गई, जबकि तिरुवनंतपुरम में रमेश चेन्निथला के समर्थक जुटे रहे। पार्टी के भीतर बढ़ती हलचल यह संकेत दे रही है कि मुख्यमंत्री पद को लेकर अंदरूनी प्रतिस्पर्धा काफी तेज हो चुकी है।

इस बीच कांग्रेस के भीतर गुटबाजी भी खुलकर सामने आने लगी है। वायनाड जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय के पास कुछ विवादित पोस्टर लगाए गए, जिनमें पार्टी हाईकमान को चेतावनी दी गई कि अगर केसी वेणुगोपाल को मुख्यमंत्री बनाया गया तो केरल की जनता इसे माफ नहीं करेगी।

Kerala New CM; Also Read- PM मोदी की अपील के बाद बढ़ी सोने की खरीदारी, शादी सीजन से पहले ज्वेलरी दुकानों पर उमड़ी भीड़

कुछ पोस्टरों में वायनाड को “अगला अमेठी” बनने की चेतावनी तक दी गई। वहीं कुछ संदेशों में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के फैसलों की आलोचना करते हुए विरोध तेज करने की बात कही गई। इन पोस्टरों ने पार्टी नेतृत्व की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस हाईकमान के सामने केवल मुख्यमंत्री चुनने की चुनौती नहीं है, बल्कि पार्टी के भीतर संतुलन बनाए रखना भी बड़ी जिम्मेदारी होगी। चुनावी जीत के बाद अब पार्टी पर स्थिर और मजबूत नेतृत्व देने का दबाव है।

आज होने वाली CLP बैठक का फैसला न केवल केरल की राजनीति की दिशा तय करेगा, बल्कि यह भी साफ करेगा कि कांग्रेस नेतृत्व राज्य में किस चेहरे पर भरोसा जताना चाहता है। पूरे राज्य की नजर अब इस अहम बैठक और उससे निकलने वाले फैसले पर टिकी हुई है।

Show More

Related Articles

Back to top button