
कर्नाटक में कावेरी जल विवाद एक बार फिर सड़क से लेकर सियासत तक पहुंच गया है। कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण यानी CWMA की ओर से तमिलनाडु को पानी छोड़े जाने के आदेश के विरोध में कई कन्नड़ संगठनों ने राज्यव्यापी बंद बुलाया है। संगठनों का कहना है कि कावेरी के पानी पर कर्नाटक के हितों से समझौता नहीं किया जा सकता।
बंद को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने कई संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। खासकर बेंगलुरु और कावेरी बेसिन के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या जबरन दुकानें बंद कराने की कोशिश करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
मांड्या में शराब की बिक्री पर रोक
कावेरी विवाद के केंद्र में रहने वाले मांड्या जिले में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। डिप्टी कमिश्नर के आदेश के तहत K.R. पेट, श्रीरंगपट्टनम, मद्दुर और मांड्या तालुकों में शराब की बिक्री पर रोक लगाई गई है।
इन इलाकों में शराब की दुकानें, बार और रेस्टोरेंट बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा शराब के परिवहन और भंडारण पर भी प्रतिबंध लागू किया गया है। प्रशासन ने यह कदम विरोध-प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए उठाया है।
संजय सर्कल पर हाई अलर्ट
मांड्या शहर के संजय सर्कल को भी संवेदनशील क्षेत्र माना जा रहा है। यहां बड़े पैमाने पर प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है। स्थानीय पुलिस के अलावा DAR और KSRP की टुकड़ियों को भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया है।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने की अपील की है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि कानून अपने हाथ में लेने, तोड़फोड़ करने या जबरन बंद कराने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
क्या-क्या खुला रहेगा?
बंद के बावजूद जरूरी सेवाओं को सामान्य रखने की कोशिश की गई है। अस्पताल, फार्मेसी, स्कूल-कॉलेज और सरकारी दफ्तरों जैसी आवश्यक सेवाएं खुली रहेंगी। इसके अलावा BMTC, KSRTC, Namma Metro, ऑटो, टैक्सी और कैब सेवाएं भी सामान्य रूप से संचालित होने की जानकारी दी गई है।
प्राइवेट बसें, स्कूल बसें और एयरपोर्ट टैक्सी सेवाएं भी चलेंगी। होटल, बेकरी, बाजार, APMC यार्ड और सड़क किनारे के विक्रेताओं को भी खुले रहने की अनुमति है। IT, BT और दूसरे उद्योग एवं व्यावसायिक संस्थानों के कामकाज पर भी पूरी तरह रोक नहीं है। हालांकि, कई निजी और आईटी कंपनियों ने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा दी है।
क्या रहेगा बंद?
मांड्या के जिन चार तालुकों में प्रशासन ने प्रतिबंध लगाया है, वहां शराब की सभी दुकानों, बार और रेस्टोरेंट में शराब की बिक्री पर रोक रहेगी। वहीं, अलग-अलग इलाकों में बंद समर्थकों के प्रदर्शन और विरोध के कारण स्थानीय स्तर पर कुछ बाजारों या कारोबार पर असर पड़ सकता है।
कुल मिलाकर प्रशासन की कोशिश है कि कावेरी विवाद को लेकर होने वाले विरोध के बीच आम लोगों को कम से कम परेशानी हो और अस्पताल, परिवहन तथा दूसरी जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों। पुलिस ने भी साफ किया है कि बंद के दौरान शांति भंग करने की किसी भी कोशिश से सख्ती से निपटा जाएगा।



