
IRDAI Insurance Awareness Comic Book: आम लोगों तक जीवन बीमा की जानकारी सरल और रोचक तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय बीमा विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (IRDAI) ने उपभोक्ता जागरूकता कॉमिक बुक सीरीज़ लॉन्च की है। राष्ट्रीय बीमा जागरूकता दिवस के अवसर पर IRDAI के चेयरमैन अजय सेठ ने इस विशेष पहल की शुरुआत की।
यह कॉमिक सीरीज़ ‘बीमा सबके लिए’ अभियान के तहत तैयार की गई है। इसका उद्देश्य रोजमर्रा की कहानियों के माध्यम से जीवन बीमा, Married Women’s Property (MWP) Act, Waiver of Premium (WoP) और Critical Illness Rider जैसी महत्वपूर्ण बीमा अवधारणाओं को आम लोगों के लिए आसान भाषा में समझाना है।
कॉमिक सीरीज़ की मुख्य पात्र ‘सुप्रिया’ नाम की एक युवा जीवन बीमा सलाहकार हैं, जो विभिन्न परिस्थितियों के जरिए लोगों को बीमा के महत्व और उससे जुड़े प्रावधानों की जानकारी देती हैं।
कार्यक्रम में आईएसी-लाइफ के अध्यक्ष कमलेश राव ने कहा कि यह पहल लोगों को परिवार की आर्थिक सुरक्षा के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वहीं, लाइफ इंश्योरेंस काउंसिल के महासचिव आदित्य गुप्ता ने इसे बीमा संबंधी जटिल विषयों को सरल भाषा में समझाने की प्रभावी पहल बताया।
इस अवसर पर एलआईसी के प्रबंध निदेशक दोराईस्वामी, पीएनबी मेटलाइफ के एमडी एवं सीईओ समीर बंसल, इंडियाफर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस के एमडी एवं सीईओ रुशभ गांधी तथा वरिष्ठ वित्तीय पत्रकार सोनिया शेनॉय भी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि देश में बीमा जागरूकता बढ़ाना और हर परिवार तक जीवन बीमा की पहुंच सुनिश्चित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने इस तरह की जागरूकता पहलों को वित्तीय सुरक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।



