
Health Tips: दैनिक जीवन की भागदौड़ में कई घरों में यह आम आदत देखने को मिलती है कि गर्म-गर्म रोटियों को बांधने या रखने के लिए अखबार (Newsprint) का इस्तेमाल किया जाता है। कुछ लोग रोटी को सीधा अखबार में लपेट देते हैं, तो कुछ रोटियादान या हॉटपॉट में नीचे अखबार बिछा देते हैं। अगर आप भी ऐसा ही करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। आपकी यह छोटी सी आदत आपकी सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।
रोटी में मिल जाते हैं स्याही के हानिकारक केमिकल अखबारों को छापने के लिए इस्तेमाल होने वाली स्याही (Ink) में तमाम तरह के खतरनाक रसायन और केमिकल्स होते हैं। जब कोई गर्म चीज—खासकर ताजी और भाप छोड़ती हुई रोटी—सीधे अखबार के संपर्क में आती है, तो उस स्याही के सूक्ष्म तत्व और केमिकल पिघलकर खाने में आसानी से मिल जाते हैं। ऐसे केमिकल युक्त भोजन का सेवन करने से धीरे-धीरे सेहत पर बहुत बुरा असर पड़ने लगता है। यही वजह है कि देश की खाद्य नियामक संस्था FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण) भी लंबे समय से यह सलाह देती आ रही है कि खाने की किसी भी चीज को अखबार में लपेटकर या उस पर रखकर नहीं परोसा जाना चाहिए।
पेट की गड़बड़ी और संक्रमण का बड़ा खतरा अखबार छपने से लेकर प्रिंटिंग प्रेस, ट्रांसपोर्ट, वेंडर और अंत में आपके घर तक पहुंचने के दौरान अनगिनत हाथों, धूल, मिट्टी और गंदगी के संपर्क से गुजरता है। इस दौरान उस पर लाखों बैक्टीरिया और हानिकारक सूक्ष्म जीव जमा हो जाते हैं। जब इसी गंदे और अनहाईजीनिक कागज पर गर्म रोटियां रखी जाती हैं, तो भोजन की शुद्धता और साफ-सफाई खत्म हो जाती है। इसके अलावा स्याही के टॉक्सिंस पेट से जुड़ी गंभीर समस्याएं, पाचन तंत्र की खराबी और अन्य स्वास्थ्य जोखिमों को न्यौता देते हैं। बच्चों और बुजुर्गों के मामले में तो यह लापरवाही और भी भारी पड़ सकती है।
रोटी रखने के लिए किन चीजों का करें इस्तेमाल? रसोइया और स्वास्थ्य विशेषज्ञ हमेशा से भोजन को सुरक्षित रखने के पारंपरिक और साफ तरीकों को अपनाने पर जोर देते हैं:
-
साफ सूती कपड़ा (Cotton Cloth): रोटियों को हमेशा किसी साफ और धुले हुए सूती कपड़े या मलमल के कपड़े में लपेटकर रखना चाहिए।
-
स्टील या कांच के बर्तन: रोटियां रखने के लिए एयर-टाइट स्टील के डिब्बे या कांच के साफ बर्तनों का इस्तेमाल करें, जो पूरी तरह सुरक्षित होते हैं।
-
फूड ग्रेड पेपर: यदि कागज का उपयोग करना ही है, तो केवल उन्हीं पेपर्स का इस्तेमाल करें जो विशेष रूप से फूड-ग्रेड और खाने की पैकेजिंग के लिए प्रमाणित होते हैं।
written by Siddhi Srivastava



