Pratapgarh Update: गायत्री परिवार का छह दिवसीय प्राकृतिक उपचार शिविर शुरू, शरीर शुद्धि और योग पर दिया गया विशेष जोर

लालगंज के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित शिविर में विशेषज्ञों ने प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ जीवनशैली और मन-आत्मा की शुद्धि के महत्व पर किया मार्गदर्शन

Pratapgarh Update: नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के सभागार में बुधवार को अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित छह दिवसीय प्राकृतिक उपचार शिविर का शुभारंभ हुआ। गायत्री चेतना केंद्र के तत्वावधान में प्रारंभ हुए इस शिविर में स्वास्थ्य संवर्धन, शरीर शुद्धि तथा प्राकृतिक चिकित्सा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

शिविर का शुभारंभ निदेशक आचार्य रामअवधेश मिश्र, वरिष्ठ अधिवक्ता ज्ञानप्रकाश शुक्ल, हरिद्वार गायत्री परिवार के दीपांकर सिंह आत्रेय तथा आंवलखेड़ा से पधारे नंदू भइया ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और अनियमित खान-पान के कारण अनेक प्रकार की शारीरिक समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में प्राकृतिक चिकित्सा और योग स्वस्थ जीवन का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. वीरेश सिंह ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लोगों को शरीर में जमा विषैले तत्वों को प्राकृतिक उपायों के माध्यम से बाहर निकालने की जानकारी देना इस शिविर का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान प्रतिभागियों को प्राकृतिक चिकित्सा, उपवास, योग तथा शरीर शुद्धि की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Pratapgarh Update: प्रतापगढ़ में निगरानी समिति की समीक्षा बैठक

सह-संयोजिका प्रीति सिंह ने शरीर शुद्धि योग एवं प्राकृतिक उपचार की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन के लिए प्रकृति के अनुरूप जीवनशैली अपनाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक चिकित्सा न केवल रोगों से बचाव करती है बल्कि व्यक्ति के संपूर्ण व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आचार्य रामअवधेश मिश्र ने की जबकि संचालन शिक्षाविद् रामेश्वर प्रसाद यादव ने किया। शिविर में प्रशिक्षार्थियों को शरीर, मन और आत्मा की शुद्धि से जुड़े विभिन्न योग अभ्यासों एवं स्वास्थ्यवर्धक उपायों की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर राजीवनाथ पाण्डेय, अशोक मिश्र, मुनेश कुमार, जयवंती, इन्द्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे। शिविर के पहले दिन प्रतिभागियों ने प्राकृतिक उपचार पद्धतियों के प्रति विशेष रुचि दिखाई तथा आगामी सत्रों में नियमित सहभागिता का संकल्प लिया।

फोटो कैप्शन: सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित प्राकृतिक उपचार शिविर के शुभारंभ अवसर पर पूजन-अर्चन करते अतिथि।

रिपोर्ट : उमेश पाण्डेय, जिला संवाददाता, यूनाइटेड भारत

Show More

Related Articles

Back to top button