![](https://unitedbharat.net/wp-content/uploads/2023/04/2023_4largeimg02_Apr_2023_115959727.jpg)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पूर्व भारतीय क्रिकेटर सलीम दुर्रानी के निधन पर शोक व्यक्त किया।
पीएम मोदी ने कहा, “सलीम दुर्रानी जी क्रिकेट के दिग्गज थे। उन्होंने क्रिकेट की दुनिया में भारत के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मैदान के अंदर और बाहर वह अपने अंदाज के लिये जाने जाते थे। उनके निधन से आहत हूं। उनके परिवार तथा मित्रों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। उनकी आत्मा को शांति मिलें।”
उन्होंने आगे कहा, “मुझे उनके साथ बातचीत करने का अवसर मिला और मैं उनके बहुमुखी व्यक्तित्व से बहुत प्रभावित हुआ हूं। उनकी कमी जरूर खलेगी।” गौरतलब है कि दुर्रानी का रविवार को उम्रजनित बीमारी के बाद गुजरात के जामनगर में उनके आवास पर निधन हो गया। वह 88 वर्ष के थे। वह अपने छोटे भाई जहांगीर दुर्रानी के साथ गुजरात के जामनगर में रह रहे थे। दुर्रानी के परिवार के करीबी सूत्रों ने उनके निधन की पुष्टि की।
अफगानिस्तान में जन्मे पश्तून मूल के दुर्रानी ने 29 टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए 75 विकेट लिये। इसके अलावा उन्होंने बल्ले से 1202 रन भी बनाये, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 104 रन था। उन्होंने 50 पारियों के टेस्ट करियर में सात अर्द्धशतक भी जड़े थे। अपने खुशमिजाजी स्वभाव के लिए जाने जाने वाले क्रिकेटर ने क्रिकेट का किला फतह करने के बाद बॉलीवुड में भी हाथ आज़माया था। दुर्रानी 1973 में परवीन बॉबी के साथ ‘चरित्र’ में काम करने के अलावा ‘एक मासूम’ (1969) में भी नज़र आये थे।