
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. कुमुद शर्मा ने प्रयागराज स्थित क्षेत्रीय केंद्र का दौरा कर नवागंतुक विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें जीवन में सम्यक दृष्टि विकसित करते हुए अपने व्यक्तित्व और ज्ञान का विस्तार करना चाहिए। केंद्र के अकादमिक निदेशक प्रो. अखिलेश कुमार दुबे ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर कुलगुरु का स्वागत किया। इस दौरान कुलगुरु ने क्षेत्रीय केंद्र की ‘सृजन भित्ति पत्रिका के हिंदी दिवस विशेषांक का लोकार्पण किया। विशेषांक में जनसंचार माध्यमों में हिंदी की बढ़ती भूमिका और भाषायी तकनीक के विकास को प्रमुखता दी गई है। उन्होंने पत्रिका की सराहना करते हुए कहा कि ऐतिहासिक एवं साहित्यिक-सांस्कृतिक नगरी प्रयागराज में स्थित यह केंद्र विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास और शोध के लिए महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में छात्रा प्रज्ञा भारती द्वारा संपादित ‘प्रयाग दर्शन समाचार बुलेटिन और ‘प्रयाग समय समाचार पत्रिका का भी लोकार्पण किया गया।


