
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.5 किलो सोना बरामद किया है। इस मामले में भारतीय मूल के एक अमेरिकी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी सैन फ्रांसिस्को से दिल्ली पहुंचा था और सोने की तस्करी की कोशिश कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई 15 मई को एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने की। अधिकारियों को जोखिम आधारित प्रोफाइलिंग और खुफिया जानकारी के आधार पर यात्री पर शक हुआ था। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय आगमन टर्मिनल पर उसे रोका गया, जब वह ग्रीन चैनल से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था।
तलाशी के दौरान अधिकारियों को यात्री की पैंट के अंदर खास तरीके से सिलाई कर बनाए गए गुप्त पॉकेट मिले। इसके अलावा एक विशेष रूप से तैयार बेल्ट में भी सोने की छड़ें छिपाई गई थीं। जांच में कुल 115 गोल्ड बार बरामद हुए जिनका कुल वजन 3565 ग्राम बताया गया है।
कस्टम विभाग के अनुसार बरामद सोना 24 कैरेट शुद्धता का है। अधिकारियों का कहना है कि हाल के समय में सोने पर कस्टम ड्यूटी 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किए जाने के बाद तस्करी के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। ज्यादा मुनाफे के चलते तस्कर अब नए और आधुनिक तरीके अपनाने लगे हैं।
पूरे मामले में बरामद सोने को कस्टम एक्ट 1962 की धारा 110 के तहत जब्त कर लिया गया है। वहीं आरोपी को धारा 104 के तहत गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है या नहीं।
कस्टम अधिकारियों का कहना है कि एयरपोर्ट पर निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है और संदिग्ध यात्रियों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि इस तरह की तस्करी पर रोक लगाई जा सके।



