रामपुर में CM योगी का विपक्ष पर हमला, बोले- राम की भक्ति कालनेमियों को निपटा देगी, 700 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

CM Yogi Rampur Visit : रामपुर दौरे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 700 करोड़ रुपये से अधिक की 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राम की भक्ति कालनेमियों से निपटने में सक्षम है।

CM Yogi Rampur Visit : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रामपुर दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी कांवड़ यात्रा रोकने, त्योहारों पर प्रतिबंध लगाने और ‘जय श्रीराम’ बोलने वालों पर कार्रवाई करते थे, वही आज राजनीतिक जमीन खिसकने के बाद आस्था और रामभक्ति की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता उनके दोहरे चरित्र को पहचान चुकी है और प्रभु श्रीराम की भक्ति ऐसे “कालनेमियों” से निपटने में सक्षम है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने मिलक और बिलासपुर विधानसभा क्षेत्रों में 700 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 102 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को लैपटॉप, युवा उद्यमी योजना के तहत चेक तथा कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि भी वितरित की गई।

विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को इस बात से परेशानी है कि अयोध्या, काशी विश्वनाथ धाम, प्रयागराज, मथुरा-वृंदावन सहित प्रदेश के धार्मिक स्थलों का अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि कुछ लोग झूठ फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन श्रीराम की भक्ति ऐसे लोगों का जवाब देने में सक्षम है।

उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल पहले भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, आज वही अयोध्या जाने की बात कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रभु श्रीराम सब जानते हैं कि कौन सही है और कौन गलत।”

2017 से पहले की सरकारों पर लगाए आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में अन्याय, अराजकता और भ्रष्टाचार का माहौल था। उन्होंने आरोप लगाया कि रामपुर में गरीबों और दलितों की जमीनों पर कब्जे किए जाते थे और विकास कुछ परिवारों तक सीमित था। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति में भी भेदभाव किया जाता था, जबकि वर्तमान सरकार सभी 75 जिलों में समान रूप से बिजली और विकास कार्य पहुंचा रही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों में सरकारी नौकरियों में भ्रष्टाचार होता था और “चाचा-भतीजा की जोड़ी” वसूली में लगी रहती थी। मुख्यमंत्री के अनुसार वर्तमान सरकार ने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू कर लाखों युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया है।

प्रदेश की अर्थव्यवस्था और उद्योगों पर भी बोले

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब “बीमारू राज्य” की पहचान से बाहर निकलकर देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश खाद्यान्न, दुग्ध, चीनी और एथेनॉल उत्पादन में अग्रणी है।

उन्होंने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के तहत रामपुर के पैचवर्क, जरी वर्क, वायलिन निर्माण और मेंथा उद्योग को नई पहचान मिली है। साथ ही गोरखपुर-शामली आर्थिक कॉरिडोर के रामपुर से होकर गुजरने से उद्योग, व्यापार और रोजगार को नई गति मिलेगी। बिलासपुर की रुद्रविलास चीनी मिल के पुनरुद्धार के लिए भी सरकार प्रतिबद्ध है।

तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण की नीति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार तुष्टिकरण नहीं बल्कि संतुष्टिकरण की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 96 लाख एमएसएमई इकाइयों को सुरक्षा बीमा का लाभ दिया गया है। इसके अलावा गरीबों को मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और रोजगार के क्षेत्र में सरकार लगातार कार्य कर रही है और विकास की गति आगे भी जारी रहेगी।

Show More

Related Articles

Back to top button