CM Yogi Prayagraj Visit : सीएम योगी प्रेरणा पार्क का करेंगे लोकार्पण, एकता नौका रेस को दिखाएंगे हरी झंडी

CM Yogi Prayagraj Visit : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रयागराज में प्रेरणा पार्क का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी और अशोक सिंघल की कांस्य प्रतिमाओं का अनावरण करेंगे तथा एकता नौका रेस को हरी झंडी दिखाकर जनसभा को संबोधित करेंगे।

CM Yogi Prayagraj Visit : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रयागराज दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह यमुना तट स्थित बोट क्लब के पास नवनिर्मित प्रेरणा पार्क का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री पार्क में स्थापित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की भव्य कांस्य प्रतिमाओं का भी अनावरण करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री एकता नौका रेस को हरी झंडी दिखाएंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के अंत में वह प्रयागराज मेला प्राधिकरण के सभागार में लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों की परियोजनाओं की समीक्षा बैठक भी करेंगे।

यमुना तट पर विकसित हुआ प्रेरणा पार्क

नगर निगम प्रयागराज ने यमुना तट स्थित कालीघाट के समीप लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से प्रेरणा पार्क का निर्माण कराया है। पार्क का उद्देश्य राष्ट्रसेवा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना बताया गया है।

महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी के अनुसार, पार्क में स्थापित तीनों विभूतियों की प्रतिमाओं के आसपास आकर्षक उद्यान, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, पाथवे, बैठने की सुविधा, सौंदर्यीकरण और स्वच्छता से जुड़े कार्य भी कराए गए हैं। इसे पर्यटन और प्रेरणा के नए केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।

एकता नौका रेस को दिखाएंगे हरी झंडी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यमुना में आयोजित एकता नौका रेस का शुभारंभ भी करेंगे। यह आयोजन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में दो दर्जन से अधिक नौकाओं के हिस्सा लेने की संभावना है।

रेस के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री प्रेरणा पार्क परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।

2,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की करेंगे समीक्षा

प्रयागराज दौरे के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री परेड ग्राउंड स्थित प्रयागराज मेला प्राधिकरण के सभागार पहुंचेंगे। यहां वह लोक निर्माण विभाग और अन्य विभागों की 2,500 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 1,553 विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

बैठक में परियोजनाओं की गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन और लंबित कार्यों की स्थिति पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।

गंगा-यमुना घाटों के विकास पर सरकार का फोकस

प्रदेश सरकार प्रयागराज में गंगा और यमुना के घाटों के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास पर लगातार काम कर रही है। प्रेरणा पार्क को इसी व्यापक विकास योजना का हिस्सा माना जा रहा है, जिसका उद्देश्य धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

Show More

Related Articles

Back to top button