UP News : ईंधन बचत, वर्क फ्रॉम होम और स्वदेशी पर जोर : मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के आह्वान से जुड़ने की अपील की

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईंधन बचत, वर्क फ्रॉम होम, स्वदेशी उत्पादों और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। जानें प्रमुख फैसले।

UP News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन की खपत कम करना, अनावश्यक खर्च से बचना और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से अनावश्यक सोने की खरीद से परहेज करने का आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव, डीजीपी तथा सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिवों की बैठक में निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री एवं मंत्रियों की फ्लीट में 50 प्रतिशत तक कमी की जाए और अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी बैठकों, सेमिनारों, वर्कशॉप और कॉन्फ्रेंस का आयोजन अधिकतर वर्चुअल माध्यम से किया जाए।

वर्क फ्रॉम होम संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर

सीएम योगी ने वर्क फ्रॉम होम संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने औद्योगिक विकास विभाग को निर्देश दिए कि बड़े स्टार्टअप्स और औद्योगिक संस्थानों में वर्क फ्रॉम होम को प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही, जहां अधिक संख्या में कर्मचारी कार्यरत हैं, वहां सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी जाए।

उन्होंने मंत्रियों, सांसदों और विधायकों से सप्ताह में एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने तथा ‘नो व्हीकल डे’ लागू करने का सुझाव दिया। पीएनजी, मेट्रो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों के अधिकतम उपयोग पर बल दिया गया। पीक आवर्स में ईंधन खपत कम करने के लिए कार्यालय समय को अलग-अलग बैचों में विभाजित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

सजावटी लाइटों कम उपयोग करने की अपील

मुख्यमंत्री ने बिजली बचत, साइक्लिंग, कार पूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि रात 10 बजे के बाद व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सजावटी लाइटों का कम से कम उपयोग किया जाए।

पर्यटन क्षेत्र को प्रोत्साहित करते हुए सीएम ने ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि वेलनेस, ईको, ग्रामीण और वन्यजीव पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने देश में ही डेस्टिनेशन वेडिंग को प्रोत्साहित करने और उत्तर प्रदेश के हेरिटेज स्थलों को बढ़ावा देने की अपील की।

स्वदेश वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने स्वदेशी उत्पादों, ओडीओपी और जीआई टैग प्राप्त वस्तुओं को बढ़ावा देने, खाद्य तेल के उपयोग में कमी लाने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर अपनाने का आग्रह किया।

Show More

Related Articles

Back to top button